नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामलों में अचानक बड़ा इजाफा हुआ है। सोमवार के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के संक्रमितों की संख्या एक हजार का आंकड़ा पार कर गई है। कई नए राज्यों में कोविड संक्रमित मरीज मिले हैं। यह भी खबर है कि कोरोना से मरने वालों की संख्या 12 हो गई है। हालांकि संक्रमित मरीजों और मरने वाले लोगों में पहले से दूसरी बीमारियां थीं। फिर भी भारत में संक्रमितों की बढ़ती संख्या से सरकारें चिंता में पड़ी हैं।
सरकारों आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1,010 हो गई है। देश में कोरोना के सबसे ज्यादा 430 मरीज केरल में है। बताया गया है कि राजस्थान, महाराष्ट्र, बंगाल और कर्नाटक में कुल 12 मरीजों की मौत हुई है। हालांकि इनमें से कइयों को दूसरी गंभीर बीमारियां भी थीं। केरल के अलावा महाराष्ट्र में 209, दिल्ली में 104, गुजरात में 83 और कर्नाटक में 47 मरीज मिले हैं।
उत्तर प्रदेश में 15 मरीज मिले हैं। सोमवार को बिहार में पटना एम्स के एक डॉक्टर और एक 31 साल के व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई। यह राज्य का पहला मामला है। वहीं पश्चिम बंगाल में चार और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद एक्टिव केस बढ़ कर 12 हो गए हैं।
अगर मरने वालों की बात करें तो सोमवार को जयपुर में दो लोगों की मौत हो गई। जयपुर रेलवे स्टेशन एक व्यक्ति मृत मिला था। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती 26 साल के युवक की कोविड से मौत हो गई। उसे पहले से ही टीबी की बीमारी थी।
भारत में कोरोना मामले 2025 का उछाल
इससे पहले रविवार को महाराष्ट्र के ठाणे के छत्रपति शिवाजी महाराज कलवा अस्पताल में इलाज करा रहे 21 साल के कोविड मरीज की मौत हो गई। युवक का 22 मई से इलाज चल रहा था। राज्य में अब तक चार लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इससे भी पहले 17 मई को कर्नाटक के बेंगलुरु में 84 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई थी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बुजुर्ग की मौत कई अंगों के काम करना बंद करने के कारण हुई। हालांकि, 24 मई को उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई। केरल में दो लोगों की कोविड से मौत हुई है।
Also Read: कोरोना के एक हजार से ज्यादा मामले
इस बीच आईसीएमआर के निदेशक डॉ. राजीव बहल ने बताया है कि अभी तक देश में कोरोना के चार वैरिएंट मिले हैं। इनमें एलएफ.7, एक्सएफजीस जेएन.1 और एनबी.1.8.1 वैरिएंट शामिल हैं। बताया जा रहा है कि नए वैरिएंट्स के बारे में जानकारी केंद्र सरकार की एजेंसी इंडियन सार्स सीओवी 2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम के ताजा आंकड़ों से मिली है।
इनमें से जेएन.1, ओमिक्रॉन के बीए2.86 का एक स्ट्रेन है। इसे अगस्त 2023 में पहली बार देखा गया था। दिसंबर 2023 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे ‘वेरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ घोषित किया। इसमें करीब 30 म्यूटेशन्स हैं, जो इम्यूनिटी कमजोर करते हैं।
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


