राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

महंगाई ने लांघी सीमा रेखा

Retail Inflation

नई दिल्ली। खुदरा महंगाई भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से तय की गई अधिकतम सीमा को पार कर गई है। महंगाई के आकलन की नई सीरीज लागू होने के बाद और लगभग दो साल में पहली बार खुदरा महंगाई की दर छह फीसदी से ऊपर पहुंची है। गुरुवार को सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.09 फीसदी पहुंच गई है, जो उससे पहले के महीने यानी सितंबर में 5.54 फीसदी थी। यानी एक महीने में खुदरा महंगाई में आधे फीसदी से ज्यादा 0.55 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने देश में महंगाई दर की सीमा दो से छह फीसदी तय की थी। इस लिहाज से चार फीसदी तक की महंगाई दर के आदर्श माना जाता है। इस साल की शुरुआत में महंगाई दर तीन फीसदी से नीचे थे। लेकिन जनवरी के बाद से ही इसमें बढ़ोतरी शुरू हुई है, जो लगातार 10 महीने तक बढ़ती रही है। बताया जा रहा है कि खाने पीने की चीजों की कीमतें बढ़ने से खुदरा महंगाई दर में इतनी बढ़ोतरी हुई है।

अक्टूबर के महीने में दूध, अंडे से लेकर प्याज, लहसुन सहित रोजाना इस्तेमाल की लगभग सभी चीजों के दाम बढ़े हैं। इससे अक्टूबर में खान पीने की चीजों की महंगाई 8.94 फीसदी हो गई, जो सितंबर में 7.74 फीसदी थी। गौरतलब है कि देश के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक यानी सीपीआई में खाने पीने की चीजों की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है। नई सीरीज में महंगाई के आकलन में खाने पीने की चीजों का वजन कम किया गया है। पहले यह 50 फीसदी से ऊपर था। अगर पुरानी सीरीज होती तो महंगाई दर सात फीसदी से ऊपर होती।

बहरहाल, इससे पहले अक्टूबर 2024 में खुदरा महंगाई छह फीसदी की सीमा पार कर 6.2 फीसदी पर पहुंची थी। उस समय महंगाई का आंकड़ा पुरानी सीरीज के आधार पर जारी किया गया था, जिसका आधार वर्ष 2012 था। मौजूदा नई सीरीज में अक्टूबर 2026 में महंगाई पहली बार छह फीसदी की ऊपरी सीमा से ज्यादा हुई है। लगातार महंगाई बढ़ने से रिजर्व बैंक के ऊपर दबाव बढ़ेगा और उसे ब्याज दरों में इजाफा करना पड़ सकता है। हालांकि यह उम्मीद भी जा रही है कि कच्चे तेल की कीमत कम होने से महंगाई पर लगाम लगेगी।

एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दो महीनों में रोजाना के इस्तेमाल की लगभग सारी चीजें महंगी हो गई हैं। अमूल, मदर डेयरी और पराग ने दूध की कीमतों में दो से छह रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। गुरुवार, 12 नवंबर से ही यह बढ़ोतरी लागू हुई है। उधर कर्नाटक के नंदिनी ब्रांड ने एक नवंबर से अब तक 12 दिन में दूध के दाम 12 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा चुकी है। इसके अलावा खाने पीने की अन्य वस्तुओं के साथ कपड़े धोने का पाउडर, नहाने का साबुन, सिगरेट, ड्राई फ्रूट्स, होटल व रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर और हवाई जहाज का ईंधन भी महंगा हुआ है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment