नई दिल्ली। उधर नेपाल में अचानक दूसरी बाढ़ आने का खतरा टल गया है लेकिन भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ के कारण समस्या बढ़ रही है। बिहार, मध्य प्रदेश सहित, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में बड़ी नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है। बिहार में गंगा का जलस्तर इतना बढ़ गया है कि पटना का दीघा घाट डूब चुका है। नेपाल से सटे बगहा के डुमरिया घाट पर गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इस वजह से 15 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
नेपाल में बाढ़ के बाद भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से नारायणी और गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे पूर्वी व पश्चिम चंपारण के साथ साथ महाराजगंज जिले में नदी के किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नेपाल की त्रिशूली नदी का पानी नारायणी से होते हुए गंडक में आ रहा है, जिससे वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से पानी के बहाव में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।
उधर मध्य प्रदेश के सतना, चित्रकूट, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में बाढ़ जैसे हालात हैं। मध्य प्रदेश में भारी बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। आश्रय स्थल में प्रभावित लोगों से मुलाकात कर राहत सामग्री बांटी। वहीं, सतना में 31 अगस्त से एक सितंबर तक स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश में चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से करीब 30 फीट ऊंची बह रही है। घाट किनारे करीब चार सौ दुकानें डूब चुकी हैं। लोग घरों और होटलों में फंसे हैं। हेलीकॉप्टर के साथ एसडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव में जुटी हैं। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण सोलन जिले में मिट्टी बहने से शिमला-कालका नैरो गेज रेलवे लाइन बंद हो गई है। इसके चलते टॉय ट्रेन सेवा रुक गई है। ट्रैक खिसकने से कालका और शिमला के बीच चलने वाली 10 ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



