नई दिल्ली। गुरुवार, 12 जून को हुए विमान हादसे के बाद से एयर इंडिया की सेवा चरमरा गई है। खास कर ड्रीमलाइनर विमानों की उड़ानें बहुत बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। मंगलवार, 17 जून को एयर इंडिया की सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द हो गईं। सभी ड्रीमलाइनर विमानों की उड़ान थी। इनमें अहमदाबाद से लंदन की उड़ान भी थी, जो मंगलवार को लगातार दूसरी बार रद्द हुई। गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जाने वाली उड़ान टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें चालक दल के 12 सदस्यों और 229 यात्रियों की मौत हो गई थी। सिर्फ एक यात्री चमत्कारिक ढंग से जीवित बच गया था।
बहरहाल, मंगलवार को रद्द हुई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में दिल्ली से पेरिस, दिल्ली से वियना, लंदन से अमृतसर, दिल्ली से दुबई और बेंगलुरु से लंदन की उड़ान शामिल है। इसके अलावा सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही उड़ान के यात्रियों को कोलकाता हवाईअड्डे पर उतारा गया। अहमदाबाद में लंदन जाने वाली 12 जून की उड़ान एआई 171 के साथ हादसा हुआ था। उसकी जगह अहमदाबाद से लंदन के लिए नई फ्लाइट एआई 159 शुरू की गई है। यह उड़ान मंगलवार को लगातार दूसरी बार रद्द की गई। इसे दोपहर एक बज कर 10 मिनट पर उड़ान भरना था, लेकिन टेकऑफ से कुछ घंटे पहले तकनीकी खामी की बात कही गई। इससे पहले 16 जून को भी यह उड़ान रद्द की गई थी।
दिल्ली से पेरिस जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई 142 और लंदन से अमृतसर आ रही फ्लाइट को तकनीकी गड़बड़ी के चलते रद्द किया गया। सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 180 में सोमवार रात को तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते यात्रियों को मंगलवार सुबह कोलकाता हवाईअड्डे पर विमान से उतारना पड़ा। विमान के बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के चलते यह विमान पहले कोलकाता हवाईअड्डे पर रूका रहा और बाद में पायलट ने कहा कि विमान उड़ान नहीं भर सकता है। इसी तरह एक दिन पहले तकनीकी खराबी के चलते एयर इंडिया के एक विमान को हॉन्गकॉन्ग लौटना पड़ा था।
इस बीच एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों में भी कई किस्म की समस्याएं आ रही हैं। शरद पवार की बेटी और एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले की पुणे से उड़ान में तीन घंटे की देरी हुई, जिसे लेकर उन्होंने एयर इंडिया की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली से पुणे के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 2971 से यात्रा कर रही हूं। फ्लाइट तीन घंटे से ज्यादा की देरी से चल रही है, कोई स्पष्ट संचार नहीं, कोई अपडेट नहीं, कोई सहायता नहीं और बहुत खराब सेवा। इस तरह की देरी और कुप्रबंधन एयर इंडिया के लिए आम बात हो गई है। यात्री फंसे हुए और असहाय रह जाते हैं। यह उदासीनता अस्वीकार्य है’। सुप्रिया सुले ने आगे लिखा, ‘राम मोहन नायडू, नागरिक विमानन मंत्रालय से आग्रह है कि वे हस्तक्षेप करें और एयरलाइन को जवाबदेह ठहराएं। यात्री इससे बेहतर के हकदार हैं’।


