राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराया जहाज

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी को शुरू हुई जंग के बाद से जिसकी आशंका जताई जा रही थी वह आशंका सही साबित हो गई। होर्मुज की खाडी में एक व्यावसायिक तेल टैंकर समुद्र के तल में बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकरा गया। बारूदी सुरंग से टकराने के बाद तेल के टैंकर में भीषण आग लग गई। हालांकि उसमें से चालक दल के सदस्यों को बचा लिए जाने की खबर है।

ईरान की मीडिया ने इसकी पुष्टि की है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, ‘यह टैंकर ईरान की ओर से तय किए गए समुद्री मार्ग से अलग रास्ते से जा रहा था, जिसके बाद वह बारूदी सुरंग से टकरा गया’। गौरतलब है कि ईरान पहले भी कई बार चेतावनी दे चुका है कि अगर कोई जहाज उसकी ओर से तय किए गए रास्ते से हट कर चलेगा, तो उसके परिणाम की जिम्मेदारी उसी की होगी।

हालांकि देर शाम तक ईरान की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। देर शाम तक जहाज को हुए नुकसान या इसमें किसी के मारे जाने को लेकर भी कोई खबर नहीं आई थी। बहरहाल, अमेरिका और ईरान के बीच फरवरी से जंग शुरू होने के बाद यह पहली बार है कि इस तरह कोई जहाज समुद्र में बिछाई बारूद सुरंग से टकराया है।

गौरतलब है कि होर्मुज की खाड़ी में ईरान ने यह समुद्री माइन बिछाई थी, जिसे युद्धविराम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हटाने का आदेश दिया था। इस बीच खबर है कि अमेरिका ने ईरान पर हमले फिलहाल टाल दिए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने जिस सबसे बड़े हमले की बात कही थी, उसे टाल दिया था। दूसरी ओर ईरान ने कहा कि अमेरिका की ओर से दो रात तक कोई हमला नहीं होने के बाद उसने भी खाड़ी देशों और क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई रोक दी है।

खबरों के मुताबिक ईरानी सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरामिनिया ने कहा है, ‘हमारी रणनीति हमेशा जवाबी कार्रवाई की रही है। अब हमने भी अपनी जवाबी सैन्य कार्रवाई रोक दी है’। उधर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सोमवार को अमेरिका रवाना होंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, वे मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इसी दिन वह दिवंगत अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम के अंतिम संस्कार में भी शामिल होंगे। नेतन्याहू और ट्रंप की यह मुलाकात पांच महीने बाद हो रही है। फरवरी के बाद पहली दोनों की आमने सामने की बैठक होगी। दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात ईरान युद्ध शुरू होने से पहले हुई थी।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment