सिडनी/हैदराबाद। ऑस्ट्रेलिया में 14 दिसंबर को सिडनी के बॉन्डी बीच पर यहूदी लोगों पर हमला करने वाला आतंकवादी साजिद अकरम भारत का था। 50 साल का साजिद मूल रूप से तेलंगाना के हैदराबाद का रहने वाला था। उसने हैदराबाद से बीकॉम की पढ़ाई की और स्टूडेंट वीजा पर नौकरी की तलाश में नवंबर 1998 में ऑस्ट्रेलिया चला गया। बाद में उसने यूरोपीय मूल की महिला वेनेरा ग्रोसो से शादी की और वहीं स्थायी रूप से बस गया। साजिद के पास अब भी भारतीय पासपोर्ट था।
साजिद के परिवार वालों ने मीडिया को बताया कि उन्होंने कई साल पहले ही साजिद से अपने सारे रिश्ते तोड़ लिए थे, क्योंकि उसने एक ईसाई महिला से शादी कर ली थी। साजिद का बेटा 24 साल का नवीद अकरम ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं। वह भी अपने पिता के साथ आतंकी हमले में शामिल था। साजिद की एक बेटी भी है। तेलंगाना पुलिस के मुताबिक पहले भारत में साजिद के खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। गौरतलब है कि बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में 16 लोगों की मौत हुई है और 40 से ज्यादा लोग घायल हैं। आतंकी साजिद भी पुलिस की फायरिंग में मारा गया, जबकि उसका बेटा नवीद घायल है।
भारत में मौजूद साजिद के रिश्तेदारों ने बताया कि पिछले 27 सालों में साजिद का परिवार से संपर्क बहुत कम रहा। मीडिया में यह खबर भी आई है कि साजिद अकरम अपने बेटे नवीद के साथ पिछले महीने एक नवंबर को फिलीपींस गया था। इस दौरान साजिद ने इंडियन जबकि उसके बेटे ने ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था। वो लोग एक महीने से हमले की तैयारी कर रहे थे। खबर है कि सिडनी आतंकी हमले में तीन भारतीय छात्र भी घायल हो गए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


