नई दिल्ली। बारिश और बर्फबारी की वजह से पहाड़ से लेकर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक में ठंड बढ़ गई है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मंगलवार को बर्फबारी जारी रही। शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर और पश्चिमी राज्यों पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों में बारिश हुई है और ठंड भी बढ़ गई है।
राजधानी दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 3.6 सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मंगलवार की सुबह बारिश शुरू होने से पहले वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 241 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी है। पंजाब और हरियाणा, दोनों राज्यों में मंगलवार को ठंड से राहत नहीं मिली। हालांकि अगले दो दिन में तापमान बढ़ने की संभावना है।
उधर उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा हो रहा है। कई इलाकों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी खबर है। हिमाचल प्रदेश के मंडी में कुछ इलाकों में तीन से चार फीट तक बर्फ गिरी है। उत्तर प्रदेश में आगरा सहित कम से कम सात जिलों में तेज बारिश हुई है। बागपत में बारिश के साथ ओले भी गिरे। मध्य प्रदेश के पांच जिलों में मंगलवार को बारिश हुई। 28 जिलों में बारिश का अलर्ट है। वहीं राजस्थान के कई जिलों में ओले गिरे। उधर जम्मू कश्मीर के डोडा में बर्फबारी में फंसे 60 लोगों को वहां से निकाला गया। इनमें 40 सेना के जवान भी थे। ये सभी भद्रवाह–चटरगला मार्ग पर चटरगला दर्रे में फंसे थे। वहां बर्फबारी के कारण सड़क बंद हो गई थी। अधिकारियों के अनुसार सभी जवान राष्ट्रीय राइफल्स के थे।


