राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

पंजाब कांग्रेस में अध्यक्ष नहीं बदलेगा

नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक बदलाव का यह समय नहीं है।

बुधवार को भूपेश बघेल ने कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात कर पंजाब कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति, गुटबाजी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी।

सूत्रों के अनुसार, बघेल ने पंजाब कांग्रेस की स्थिति पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट भी पार्टी नेतृत्व को सौंपी। हालांकि उन्होंने रिपोर्ट के विवरण साझा करने से इनकार करते हुए कहा, “यह कोई गुड्डा-गुड़िया का खेल नहीं है।”

उन्होंने दोहराया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने का फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।

इस बीच पंजाब के पूर्व मंत्री राजकुमार वेरका ने भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर शीर्ष नेतृत्व लगातार नेताओं से संवाद कर रहा है। यदि किसी नेता को कोई शिकायत है तो वह पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी बात रख सकता है और अंतिम निर्णय हाईकमान का होगा।

पिछले कुछ समय से पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी तेज रही है। पार्टी के एक वर्ग की ओर से प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व पर सवाल उठाए जा रहे थे और नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा चल रही थी। हालांकि भूपेश बघेल के ताजा बयान से स्पष्ट संकेत मिला है कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment