दरभंगा/पलामू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार और झारखंड में कई सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने झारखंड की राजधानी रांची में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार की सुबह पलामू में भाजपा प्रत्याशी विष्णु दयाल राम के लिए वोट मांगा तो बाद में गुमला में भी एक सभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री उसके बाद बिहार के दरभंगा पहुंचा, जहां उन्होंने लालू प्रसाद और उनके बेटे तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को पूर्व रेल मंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि ‘सोनिया मैडम के शासनकाल के दौरान’ उन्होंने अपनी तुष्टीकरण की नीति के तहत गोधरा कांड के जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की थी। दरभंगा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने गोधरा में ट्रेन की एक बोगी जलाए जाने की घटना का जिक्र किया और आरोप लगाया कि विपक्षी दल हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का नाम लिए बगैर प्रधानमंत्री ने कहा- एक शहजादा दिल्ली में और एक पटना में है, दोनों देश को अपनी जागीर समझते हैं। मोदी ने कहा- उनकी मानसिकता तब उजागर हो गई जब उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए और सशस्त्र बलों के बारे में बुरा बोला।
इससे पहले अपने झारखंड प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को पलामू में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा- आपके एक वोट की ताकत की बदौलत पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आपके एक वोट से राम मंदिर बना, जम्मू कश्मीर में 370 हट गया, नक्सलवाद खत्म हो गया, आतंकवाद पर रोक लगी। इसी वोट की ताकत से ऐसा नया भारत बना है, जो घर में घुसकर मारता है। उन्होंने कहा- पहले कांग्रेस की डरपोक सरकार दुनिया में जाकर रोती थी। आज पाकिस्तान दुनिया भर में जा जाकर रोता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



