नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होगा। लेकिन उससे पहले बुजुर्ग लोगों ने घर से मतदान करना शुरू कर दिया है। पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने घरेलू मतदान सुविधा का इस्तेमाल करते हुए लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान किया। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय ने यह जानकारी दी है।
गौरतलब है कि दिल्ली में गुरुवार को बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए घर पर मतदान की सुविधा शुरू की गई। यह सुविधा 24 मई तक रहेगी। कार्यालय की ओर से साझा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली की सभी सात संसदीय क्षेत्रों में दो दिन में करीब तीन हजार लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है। पांच हजार से कुछ ज्यादा लोगों ने इस सुविधा का लाभ लेन के लिए फॉर्म भरा है।
दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय की ओर से बताया गया- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र में घरेलू मतदान सुविधा का लाभ उठाया और 17 मई को अपने घर से वोट डाला। पूर्व उप राष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने गुरुवार को यानी पहले ही दिन अपना वोट डाला। पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने शनिवार को मतदान किया। डॉ. मनमोहन सिंह के साथ उनकी पत्नी गुरुशरण कौर ने भी घर से मतदान किया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


