राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

उप राष्ट्रपति चुनाव नौ सितंबर को

नई दिल्ली। नए उप राष्ट्रपति के चुनाव की घोषणा हो गई है। इलेक्टोरल कॉलेज यानी मतदाता सूची तैयार करने के बाद चुनाव आयोग ने शुक्रवार को देश के दूसरे सर्वोच्च पद के लिए चुनाव का ऐलान कर दिया। उप राष्ट्रपति का चुनाव नौ सितंबर को होगा, जिसके लिए 21 अगस्त तक नामांकन भरे जाएंगे। गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अचानक उप राष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 22 जुलाई को धनखड़ का इस्तीफा मंजूर कर लिया था।

उप राष्ट्रपति के चुनाव की घोषणा के साथ ही अटकलों का सिलसिला तेज हो गया है। राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश के नाम की चर्चा है तो बिहार के अति पिछड़ा समाज के नेता और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर के नाम की भी चर्चा है। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से लेकर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत या सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर को भी एनडीए की ओर से उप राष्ट्रपति का दावेदार बताया जा रहा है। विपक्ष भी एक साझा उम्मीदवार के नाम पर विचार कर रहा है।

बहरहाल, चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार को की गई घोषणा के मुताबिक उप राष्ट्रपति चुनाव की अधिसूचना सात अगस्त को जारी की जाएगी। अधिसूचना जारी होते ही नामांकन शुरू हो जाता है। इसकी आखिरी तारीख 21 अगस्त है। 25 अगस्त को नामांकन वापस लिया जा सकता है। नामांकन के लिए उम्मीदवार को कम से कम 20 सांसदों के प्रस्ताव की जरुरत होगी। इसके अलावा 20 सांसदों का समर्थन भी चाहिए। चुनाव में दोनों सदनों के निर्वाचित और मनोनीत सांसद वोट करेंगे। लोकसभा और राज्यसभा के कुल सांसदों की संख्या 788 है और बहुमत का आंकड़ा 395 का है। लोकसभा में एनडीए के 293 सांसद हैं, जबकि राज्यसभा में उसके 129 सांसद हैं। इस तरह सरकार के पास 422 सांसदों का समर्थन है, जो उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए जरूरी 395 से काफी ज्यादा है। वैसे उम्मीदवार के नाम की घोषणा के बाद समर्थकों की संख्या बढ़ सकती है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

six − 3 =