अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार ठहराने के लिए उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस के प्रति निजी तौर पर नाराजगी जताई है। द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया। श्री ट्रंप का मानना है कि श्री वेंस को सैन्य अभियान शुरू करने के फैसले का बचाव करना चाहिए था।
रिपोर्ट के अनुसार, श्री ट्रंप की बातों की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि राष्ट्रपति ने अपने सहयोगियों से कहा कि श्री वेंस को यह स्वीकार करना चाहिए था कि भारी राजनीतिक नतीजों के बावजूद, वह युद्ध एक सही फैसला था। चुनाव के बाद से श्री ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से भी यही बात कही है। उनका कहना है कि रिपब्लिकन पार्टी की हार के कारणों में से एक के रूप में इस संघर्ष की पहचान करना श्री वेंस का सही कदम था, लेकिन उन्हें यह भी स्पष्ट कर देना चाहिए था कि वह तब भी सैन्य कार्रवाई का समर्थन करते।
श्री ट्रंप ने इस महीने की शुरुआत में पत्रकारों से कहा था वह सही थे, बस एक बात को छोड़कर। उन्हें एक और बात कहनी चाहिए थी, जो मुझे बहुत महत्वपूर्ण लगती है। अगर आपको यह फिर से करना पड़े, तो क्या आप इसे दोबारा करेंगे? इसका जवाब है – हां। ऐतिहासिक रूप से, यह हमारे द्वारा किए गए सबसे अच्छे कामों में से एक माना जाएगा, क्योंकि अगर (ईरान) के पास कभी परमाणु हथियार आ गए, तो वे दुनिया को उड़ा देंगे… क्योंकि वे पागल हैं।
Also Read : ट्रंप-पुतिन-शी का ‘शांति घोषणा’ पत्र, परमाणु वार्ता पर सहमति
श्री ट्रंप का कहना है कि फरवरी में इज़रायल के साथ मिलकर शुरू किया गया सैन्य अभियान, ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए ज़रूरी था। इससे पहले हालांकि उन्होंने दावा किया था कि जून 2025 में अमेरिका और इज़रायल के हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह से नष्ट कर दिया था। श्री वेंस ने रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि चुनावों में मिली हार के लिए इस युद्ध और इसके आर्थिक नतीजों को ज़िम्मेदार ठहराया है। उनका तर्क है कि प्रशासन को यह स्वीकार करना चाहिए कि इस संघर्ष की वजह से उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा है।
यह तनाव ऐसे समय में सामने आया है जब पिछले हफ्ते श्री ट्रंप ने श्री वेंस को निर्देश दिया कि वह ईरान के साथ फिर से राजनयिक बातचीत शुरू करने के बजाय अपना ‘पूरा ध्यान’ देश के भीतर धोखाधड़ी रोकने के प्रयासों पर लगाएं। यह निर्देश उन खबरों के बाद आया है, जिनमें कहा गया था कि उपराष्ट्रपति ईरानी अधिकारियों के साथ सीधी बातचीत फिर से शुरू करने की संभावना तलाश रहे थे। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने यह भी बताया है कि श्री ट्रंप, विदेश मंत्री मार्को रुबियो की लगातार तारीफ कर रहे हैं। श्री रुबियो ने सैन्य अभियान का बचाव किया है और श्री ट्रंप ने संकेत दिया है कि वे अगले राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में एक मजबूत दावेदार हो सकते हैं।
श्री रुबियो पहले कह चुके हैं कि अगर श्री वेंस चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं, तो वह रिपब्लिकन नामांकन के लिए दावेदारी नहीं करेंगे, हालांकि पार्टी को मध्यावधि चुनावों में मिली हार के बाद वह अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर फिर से विचार कर रहे हैं।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



