Cruise Missile Attack :- उत्तर कोरिया ने एक बार फिर पीले सागर की ओर कई क्रूज मिसाइलें दागी हैं। योनहाप समाचार एजेंसी ने दक्षिण कोरिया की सेना के हवाले से शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। रिपोर्ट में दक्षिण कोरियाई ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के हवाले से कहा गया है कि उसने प्योंगयांग के पश्चिमी तट से स्थानीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे (02:00 जीएमटी) प्रक्षेपण का पता लगाया। दक्षिण कोरियाई सेना ने मिसाइलों की संख्या नहीं बताई है। उत्तर कोरिया का यह कथित तौर पर 2024 की शुरुआत के बाद से चौथा क्रूज़ मिसाइल प्रक्षेपण है। जेसीएस ने एक बयान में कहा, ”हमारी निगरानी और सतर्कता को मजबूत करते हुए, हमारी सेना उत्तर कोरिया के उकसावे के अतिरिक्त संकेतों पर नजर रखने के लिए अमेरिका के साथ निकटता से समन्वय कर रही है।
केसीएनए की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर कोरिया ने बाद में कहा कि उसने एक नयी प्रकार की क्रूज मिसाइल, पुलह्वासल-3-31 का पहला परीक्षण किया है, जो अभी भी विकासाधीन है। दक्षिण कोरियाई सेना ने 28 जनवरी को कहा था कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से कई और क्रूज़ मिसाइलें दागी हैं। उत्तर कोरिया के राज्य मीडिया ने अगले दिन कहा कि उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने इस बार एक पनडुब्बी से पुलहवासल-3-31 रणनीतिक क्रूज मिसाइल के एक और प्रक्षेपण का आदेश दिया था। (वार्ता)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



