राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

साहित्य, संस्कृति की क्या दशा?

यों इसकी वजह समाज भी है लेकिन सत्ता की ज्यादा जिम्मेदारी है कि देश में साहित्य के फलने फूलने का जो इकोसिस्टम था उसका पतन रोके। संस्कृति को बढ़ाए, निखारे। मगर संस्कृति संरक्षण के नाम पर होने वाले आयोजनों की संख्या लगातार कम होती हुई है और अगर आयोजन होता भी है तो उसमें से सौंदर्य गायब है। उलटे वह भोंडेपन का प्रदर्शन बनता जा रहा है। सोचें, एक समय देश में साहित्य के कितने केंद्र थे। उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद और वाराणसी साहित्य और संस्कृति का बड़ा केंद्र थे तो बिहार में पटना, मध्य प्रदेश में भोपाल व जबलपुर, राजधानी दिल्ली, पश्चिम बंगाल में कलकत्ता ये सब बड़े  केंद्र थे। दक्षिण भारत की भाषाओं मलयालम, तमिल, तेलुगू और कन्नड़ में उत्कृष्ट साहित्य रचा जा रहा था। उसका अनुवाद हिंदी क्षेत्र में भी खूब बिकता था। लेकिन आज किसी कॉलेज के छात्र से समकालीन साहित्यकारों, कवियों, उपन्यासकारों के बारे में पूछा जाए या उनकी कोई कविता पढ़ने को कहा जाए तो ज्यादा संभावना है कि वह नहीं पढ़ पाएगा।

राजधानी दिल्ली से लेकर छोटे शहरों तक में भरत नाट्यम से लेकर कुचिपुड़ी और कत्थक नृत्य का आयोजन होता था। अब ऐसे आयोजन या तो बहुत कम होते हैं या बिल्कुल बंद हो गए हैं। नई पीढ़ी के किसी नौजवान से पूछा जाए कि वह दो चार शास्त्रीय संगीतकारों और नृत्य कला का प्रदर्शन करने वालों के नाम बताए तो गारंटी है कि वह नहीं बता पाएगा। इसे पुरानी पीढ़ी का मोह या श्रेष्ठता बोध कह कर खारिज नहीं कर सकते हैं लेकिन यह हकीकत है कि आज कहीं न तो बिस्मिल्ला खां हैं, न कहीं पंडित भीमसेन जोशी, न पंडित रविशंकर, न पंडित जसराज हैं और न किशोरी अमोनकर हैं। कोई उस्ताद अमजद अली खां या उस्ताद जाहिर हुसैन भी नहीं है। न कोई एमएफ हुसैन हो रहा है और न कोई हैदर रजा हो रहा है। साहित्य, कला, संस्कृति, फिल्म सब बौने लोगों की जमात हो गई है। पूरे देश में मूर्खता का महोत्सव मनाया जा रहा है। जो जितनी मूर्खतापूर्ण बात कर सकता है उसकी प्रगति के उतने ही आयाम खुलते जाएंगे। तर्क और विचार की जगह अनुशासन और आदेश पालन, भौंडेपन पर जोर हो गया है।

By हरिशंकर व्यास

मौलिक चिंतक-बेबाक लेखक और पत्रकार। नया इंडिया समाचारपत्र के संस्थापक-संपादक। सन् 1976 से लगातार सक्रिय और बहुप्रयोगी संपादक। ‘जनसत्ता’ में संपादन-लेखन के वक्त 1983 में शुरू किया राजनैतिक खुलासे का ‘गपशप’ कॉलम ‘जनसत्ता’, ‘पंजाब केसरी’, ‘द पॉयनियर’ आदि से ‘नया इंडिया’ तक का सफर करते हुए अब चालीस वर्षों से अधिक का है। नई सदी के पहले दशक में ईटीवी चैनल पर ‘सेंट्रल हॉल’ प्रोग्राम की प्रस्तुति। सप्ताह में पांच दिन नियमित प्रसारित। प्रोग्राम कोई नौ वर्ष चला! आजाद भारत के 14 में से 11 प्रधानमंत्रियों की सरकारों की बारीकी-बेबाकी से पडताल व विश्लेषण में वह सिद्धहस्तता जो देश की अन्य भाषाओं के पत्रकारों सुधी अंग्रेजीदा संपादकों-विचारकों में भी लोकप्रिय और पठनीय। जैसे कि लेखक-संपादक अरूण शौरी की अंग्रेजी में हरिशंकर व्यास के लेखन पर जाहिर यह भावाव्यक्ति -

Leave a comment