आम आदमी पार्टी ने तीन राज्यों में चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अपना चुनाव अभियान शुरू करने के साथ ही आप ने कांग्रेस के नेताओं को तोड़ने का सिलसिला शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारों में मंत्री रह चुके अखंड प्रताप सिंह यादव आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। इस तरह के कई और नेता भी आप के संपर्क में हैं। लेकिन छोटे छोटे नेताओं की बजाय आप कुछ बड़ा हाथ मारने की तैयारी में थी। हालांकि बड़े नेता अभी हाथ नहीं आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्य सरकार के नंबर दो मंत्री टीएस सिंहदेव से भी संपर्क किया था। लेकिन वे फैसला नहीं कर पाए। उनको पता है कि लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच ही है। दूसरे, उनके पास इतना समय नहीं है कि आप में शामिल होकर कई बरस तक राजनीति करते रहें। इसलिए वे कांग्रेस में ही है। सिंहदेव ने खुद कहा कि कई पार्टियों ने उनसे संपर्क किया था। इसी तरह से एक चर्चा यह भी थी कि राजस्थान में आम आदमी पार्टी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पर डोरे डाल रही है। हालांकि उनके अपनी अलग प्रगतिशील कांग्रेस बनाने की खबर आई थी। बहरहाल, अगले दो तीन महीने इन तीनों राज्यों की राजनीति के लिए बहुत दिलचस्प होने वाले हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



