दिल्ली और हरियाणा का मतदान समाप्त होते ही अब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की दोस्ती भी समाप्त हो गई। अब केजरीवाल कांग्रेस पर हमला शुरू करेंगे। अब वे पंजाब भी जाएंगे। चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत पर जेल से निकलने के बाद वे दिल्ली, हरियाणा, झारखंड की यात्रा कर रहे लेकिन पंजाब नहीं जा रहे थे। असल में पंजाब में उनकी सीधी लड़ाई कांग्रेस से है, जबकि दिल्ली और हरियाणा में दोनों पार्टियां मिल कर चुनाव लड़ रही हैं। इसलिए इन दोनों राज्यों में केजरीवाल आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के साथ साथ कांग्रेस के लिए भी वोट मांग रहे थे। लेकिन अब शनिवार को इन दोनों राज्यों की सभी सीटों पर एक ही साथ मतदान संपन्न हो गया। तो अब केजरीवाल का सारा फोकस पंजाब पर होगा।
अभी तक पंजाब के कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता एक दूसरे पर हमला कर रहे थे। लेकिन अब शीर्ष नेताओं का प्रचार शुरू होगा। कांग्रेस पार्टी पंजाब सरकार को भ्रष्ट और निकम्मा बता कर वोट मांग रही है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि केजरीवाल क्या कह कर कांग्रेस पर हमला करते हैं? राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पंजाब के प्रचार में क्या कह कर आप पर हमला करते हैं यह देखना भी दिलचस्प होगा। ध्यान रहे शनिवार को छठे चरण के मतदान में सोनिया और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा व उनके परिजनों ने नई दिल्ली में वोट डाला और निश्चित रूप से उन्होंने झाड़ू छाप का बटन दबाया होगा। इसी तरह सिविल लाइंस में रहने वाले अरविंद केजरीवाल वे उनके परिजनों ने कांग्रेस के हाथ छाप का बटन दबाया होगा। लेकिन अब दोनों एक दूसरे के खिलाफ प्रचार करेंगे। यह देखना भी दिलचस्प होगा कि आखिरी चरण के प्रचार के लिए केजरीवाल पश्चिम बंगाल जाते हैं या नहीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


