भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में चुनाव प्रचार का जिम्मा भोजपुरी कलाकारों के हवाले किया है। पार्टी ने स्टार प्रचारकों की जो सूची जारी की है उसमें बिहार और उत्तर प्रदेश के भाजपा से जुड़े सारे भोजपुरी कलाकारों के नाम हैं। कई बड़े नेताओं के नाम छूट गए हैं लेकिन भोजपुरी कलाकार नहीं छूटे हैं। एक लोक गायिका मैथिली ठाकुर को तो भाजपा ने चुनाव ही लड़ा दिया। वे बिहार की हैं लेकिन उनका बिहार से कोई लेना देना नहीं है। तभी उनके भाजपा ज्वाइन करने के बाद से ही उनका विरोध शुरू हो गया। फिर भी भाजपा ने उनको टिकट देकर चुनाव में उतारा। अब भी उनका विरोध जारी है, जिससे उनके चुनाव जीतने पर प्रश्नचिन्ह लगा हुआ है।
बहरहाल, भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में पवन सिंह को भी शामिल किया है, जो कुछ दिन पहले ही भाजपा से जुड़े। पहले उनके चुनाव लड़ने की चर्चा थी लेकिन अब कहा जा रहा है कि चुनाव के बाद उन्होंने एडजस्ट किया जाएगा। दिल्ली से लोकसभा सांसद मनोज तिवारी को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। वे तीन बार से दिल्ली में चुनाव जीत रहे हैं। भोजपुरी के एक और बड़े स्टार रवि किशन, जो उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से सांसद हैं उनको भी भाजपा ने बिहार में स्टार प्रचारक बनाया है। उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ सीट से एक बार लोकसभा का उपचुनाव जीते दिनेश लाल यादव निरहुआ को भी भाजपा ने अपना स्टार प्रचारक बनाया है। निरहुआ प्रचार करेंगे तो अनके साथ आम्रपाली दुबे होंगी ही और अक्षरा सिंह ने भी पिछले दिनों गिरिराज सिंह के साथ फोटो खिंचवाई थी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


