भारतीय जनता पार्टी ने अब ठान लिया है कि महाराष्ट्र में हर हाल में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना यानी मनसे से तालमेल करना है। शिव सेना के अलग होने के बाद भाजपा पहले तो कहती रही थी कि वह अकेले चुनाव लड़ेगी। फिर बाद में शिव सेना का विभाजन करा कर एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाया और उनकी पार्टी से तालमेल किया। फिर शरद पवार की पार्टी एनसीपी में विभाजन करा कर अजित पवार को उप मुख्यमंत्री बनाया और उनकी पार्टी से तालमेल किया। अब वह राज ठाकरे की पार्टी से भी तालमेल करने जा रही है। उनसे तालमेल के लिए वह कुछ भी देने को तैयार है।
बताया जा रहा है कि भाजपा ने पहले दो लोकसभा सीटें उनको देने की बात कही थी। माना जा रहा था कि मुंबई की एक सीट और दूसरी सीट उनको मिल सकती है। लेकिन वे तैयार नहीं हुए। अब कहा जा रहा है कि भाजपा उनके बेटे अमित ठाकरे को विधान परिषद का सदस्य बनाएगी। इतना ही नहीं यह भी कहा जा रहा है कि राज ठाकरे की पार्टी को एक राज्यसभा सीट भी दी जाएगी। सोचें, भाजपा ने पहले ही तय कर लिया है कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इस लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं और वे जीत जाएंगे तो उनकी खाली हुई राज्यसभा सीट राज ठाकरे की पार्टी को दो दी जाएगी। अगर यह तालमेल होता हो जाता है तो यह भी एक रिकॉर्ड होगा कि भाजपा महाराष्ट्र की तीन प्रमुख प्रादेशिक पार्टियों को साथ लेकर लड़ेगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.




