राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अखिलेश और विजय सबसे खास

सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ का औपचारिक विमोचन सोमवार, 16 नवंबर को दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में हुआ। इस लॉन्च में किसने क्या कहा उसकी खूब व्याख्या हो गई। राहुल गांधी ने अपने माता-पिता को लेकर और कॉलेज के दिनों की अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर जो कुछ कहा उसे भले भाजपा कितना भी मुद्दा बनाए और मजाक उड़ाए लेकिन उसका कोई नुकसान नहीं है। हालांकि राहुल इतना डिटेल में नहीं जाते तब भी काम चलता। ज्यादा से ज्यादा यह कह सकते हैं कि उनकी कुछ बातें इनएप्रोप्रिएट थीं। बहरहाल, बातों से ज्यादा अहम या ध्यान खींचने वाली चीज कार्यक्रम में नेताओं के बैठने का अरेंजमेंट था। नेताओं को जिस क्रम में बैठाया गया था उससे साफ दिख रहा था कि कांग्रेस की प्राथमिकता सहयोगी पार्टियां हैं। तभी सहयोगी पार्टियों के नेताओं को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया। इनमें भी अखिलेश यादव और विजय को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया क्योंकि कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव में इन दो राज्यों को सबसे अहम मान रही है। कांग्रेस के चारों मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, वीडी सतीशन, रेवंत रेड्डी और सुखविंदर सिंह सुक्खू दूसरी कतार में बैठे।

सहयोगी पार्टियों के तीन मुख्यमंत्रियों और तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को अगली पंक्ति में बैठाया गया था। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को न सिर्फ पहली पंक्ति में थे, बल्कि सोनिया गांधी के बगल में बैठे थे। उनके साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव भी थीं। उनके पास ही हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी को बैठाया गया था। उनके बगल में कैप्टेन अमरिंदर सिंह थे। दूसरी ओर राहुल गांधी के बगल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय बैठे थे। इस अरेंजमेंट से जाहिर हुआ कि अखिलेश और विजय का कितना महत्व है। विजय के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और उनके बेटे उमर अब्दुल्ला बैठे थे। उमर के बगल में उनकी पत्नी निधि राजदान बैठी थीं। बहुत से पत्रकारों के लिए यह भी दिल जलाने वाली बात थी। उमर के साथ निधि राजदान का संबंध एक दशक से ज्यादा समय से था लेकिन कुछ दिन पहले तक वे औपचारिक रूप से उनकी पत्नी नहीं थीं तो ऐसे कार्यक्रमों में किसी सामान्य पत्रकार के तौर पर उनकी उपस्थिति होती थी। लेकिन एक महीने में ही स्थिति ऐसी बदल गई कि वे पहली पंक्ति में बैठीं।

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment