राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

यूपी में भाजपा को अपने नेताओं पर भरोसा नहीं

यह भी गजब की बात है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भाजपा के ऊपर राहुल गांधी जिस मामले में सबसे ज्यादा आरोप लगा रहे हैं उस मामले में उत्तर प्रदेश में भाजपा को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है। राहुल और दूसरी विपक्षी पार्टियों ने सबसे ज्यादा आरोप फॉर्म सात के दुरुपयोग का लगाया है। उनका कहना है कि भाजपा के केंद्रीकृत सिस्टम के जरिए और चुनाव आयोग की मिलीभगत से थोक में फॉर्म सात भर कर भाजपा विरोधी मतदाताओं के नाम कटवाए जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने भी फॉर्म सात के दुरुपयोग की शिकायत के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी।

अब खबर है कि भाजपा अपने बूथ लेवल एजेंट्स यानी बीएलए को फॉर्म सात नहीं उपलब्ध करा रही है। उनको सिर्फ फॉर्म छह और फॉर्म आठ दिए जा रहे हैं। ध्यान रहे फॉर्म छह का इस्तेमाल नाम जुड़वाने के लिए होता है और फॉर्म आठ का इस्तेमाल नाम, पता, उम्र आदि में सुधार के लिए होता है। कहा जा रहा है कि भाजपा को अपने ही लोगों पर भरोसा नहीं है। असल में भाजपा इस बात से बहुत परेशान है कि बड़ी संख्या में उसके समर्थकों के नाम मतदाता सूची से कट गए हैं। योगी आदित्यनाथ तो एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं के नाम कटने की बात कर रहे हैं। कहीं न कहीं भाजपा को लग रहा है कि उसके अपने लोगों ने ही नाम कटवाए हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अप्रैल में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हुई थी और अंतिम मतदाता सूची में दो करोड़ चार लाख नाम कट गए थे। हाल में आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी एसएसआर कराई और अब दावे व आपत्तियों का समय चल रहा है। भाजपा ने अपने कैडर को पूरी ताकत से इस काम में लगाया है। लेकिन उनको फॉर्म सात नहीं देना यह दिखाता है कि भाजपा कतई नहीं चाहती है कि अब कोई नाम काटने का आवेदन चुनाव आयोग के पास पहुंचे। वहां सिर्फ नाम जोड़ने और सुधार का आवेदन पहुंचे यह सुनिश्चित किया जा रहा है।

Tags :

By NI Political Desk

Get insights from the Nayaindia Political Desk, offering in-depth analysis, updates, and breaking news on Indian politics. From government policies to election coverage, we keep you informed on key political developments shaping the nation.

Leave a comment