क्या भारतीय जनता पार्टी बिहार की अपनी सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के लिए झारखंड में कोई सीट छोड़ेगी? भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि पार्टी चिराग पासवान का इंतजार कर रही है और उनके विदेश से लौटने के बाद उनसे बात करेगी। इससे ऐसा लग रहा है कि उनको कोई सीट दी जा सकती है। ध्यान रहे आखिरी बार भाजपा ने लोक जनशक्ति पार्टी के लिए 2014 में एक सीट छोड़ी थी। संथालपरगना की शिकारीपाड़ा सीट पर लोजपा के शिवधान मुर्मू चुनाव लड़े थे लेकिन वे तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार भी भाजपा चिराग की पार्टी के लिए ऐसी ही कोई सीट छोड़ सकती है।
ध्यान रहे हिमंत बिस्वा सरमा ने बिहार की बड़ी सहयोगी पार्टी नीतीश कुमार की जनता दल यू को दो सीट देने की बात कही है। बताया जा रहा है जनता दल यू से सीट बंटवारा फाइनल हो गया है। नीतीश की पार्टी की ओर से सरयू राय जमेशदपुर पश्चिमी से और कृष्ण गोपाल पातर उर्फ राजा पीटर तमाड़ सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। जब नीतीश की पार्टी को दो सीट दी जा रही है तो चिराग को एक से ज्यादा सीट मिलने की गुंजाइश नहीं है। हालांकि उन्होंने 11 सीटें मांगी हैं और कहा है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे 40 सीटों पर लड़ेंगे। ध्यान रहे चिराग मदरसों की फंडिंग रोकने की सिफारिश सहित कई मसलों पर विपक्ष के सुर में सुर मिला चुके हैं। बहरहाल, वे बुधवार, 16 अक्टूबर को लौट रहे हैं। अपनी यूरोप यात्रा को लेकर कई तरह की नकारात्मक खबरों में रहे चिराग को वापस लौट झारखंड पर फैसला करना है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


