राज्यसभा के दोवार्षिक चुनावों की घोषणा हो गई। कुल 56 सीटों पर चुनाव होना है, जिसमें से भाजपा की 28 और कांग्रेस की 11 सीटें हैं। कांग्रेस को अपने दम पर नौ सीटें मिल जाएंगी। लेकिन अगर बिहार और झारखंड में सहयोगी पार्टियों ने साथ दिया तो कांग्रेस दो और सीटें जीत जाएगी। झारखंड में कांग्रेस के सांसद धीरज साहू रिटायर हो रहे हैं। कायदे से इस सीट पर कांग्रेस का दावा बनता है। पिछले दो बार से राज्यसभा सीट जेएमएम को मिल रही है। पहले 2020 में शिबू सोरेन राज्यसभा गए थे और फिर 2022 में महुआ माझी। इस बार कांग्रेस ने राज्यसभा सीट पर दावा किया है।
लेकिन गांडेय विधानसभा सीट खाली कराने के बाद मामला उलझ गया। हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को चुनाव लड़ाने के लिए सरफराज अहमद से सीट खाली कराई है और उनको राज्यसभा भेजने का वादा किया है। मुश्किल यह है कि अभी तक उपचुनाव की घोषणा नहीं हुई है और जिस मकसद से हेमंत सोरेन सीट अपनी पत्नी को विधायक बनाना चाहते थे वह खत्म हो गया। अब चम्पई सोरेन मुख्यमंत्री बन गए हैं। तभी कांग्रेस ने दबाव बनाया है। अब जेल जाने की वजह से हेमंत भी दबाव में हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस का कहना है गांडेय में उपचुनाव होता है तो सरफराज अहमद को ही टिकट दे दी जाए और राज्यसभा सीट कांग्रेस को दी जाए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर दावेदार बताए जा रहे हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



