कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में अपने भाषण में यह नहीं कहा था कि भाजपा को अबकी बार चार सौ से ज्यादा सीटें आएंगी। उन्होंने उलटे भाजपा के इस नारे का मजाक उड़ाया था। खड़गे ने कहा था कि भाजपा अबकी बार चार सौ पार का नारा दे रही है लेकिन यह बूमरैंग कर जाएगा और विपक्ष उसे सौ के नीचे रोक देगा। लेकिन जैसे ही उन्होंने भाजपा का अबकी बार चार सौ पार का नारा दोहराया वैसे ही सदन में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हंसने लगे और उनके साथ साथ सभी सदस्य भी हंसने लगे। सो, सबने खड़गे की अधूरी बात ही सुनी या उतने पर ही ध्यान दिया।
उसके बाद भाजपा के नेता हर जगह खड़गे की बात का संदर्भ देने लगे। यहां तक कि सोमवार को लोकसभा में अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि भाजपा के लिए अब तो खड़गेजी भी कह रहे हैं कि अबकी बार चारसौ पार। हैरानी की बात है कि कांग्रेस की ओर से इस प्रचार का प्रभावी जवाब नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष की अधूरी बात के सहारे भाजपा नैरेटिव बना रही है और कांग्रेस का मीडिया विभाग कुछ नहीं कर रहा है। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हैं और उनकी टीम सिर्फ यात्रा की कवरेज में लगी है। सोशल मीडिया टीम ने जरूर कुछ जगह इसका विरोध किया लेकिन यह बात चारों तरफ फैल गई है और यह कांग्रेस की मीडिया टीम की बड़ी विफलता है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



