राजधानी दिल्ली में अब एक नए नितिन जी आ गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन। उनको खरमास शुरू होने से ठीक पहले पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया गया और कहा जा रहा है कि 20 जनवरी को चुनाव की औपचारिकता पूरी करके उनको राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया जाएगा। कार्यकारी अध्यक्ष बनने के साथ ही उन्होंने लुटियन की दिल्ली में नौ, सुनहरी बाग रोड का बंगला आवंटित हो गया है। यह टाइप आठ का बंगला है। इसे राष्ट्रीय अध्यक्ष की जरुरतों के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि अप्रैल में राज्यसभा चुनाव में नितिन नबीन बिहार से उच्च सदन के लिए चुन लिए जाएंगे।
बहरहाल, अब दिल्ली के सत्ता गलियारों में नए नितिन जी की वजह से बहुत कंफ्यूजन हो रहा है। पहले से भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हैं, जिनको क्लोज सर्कल के लो नितिन जी कहते हैं। बाकी लोग गडकरी जी कहते हैं। लेकिन नितिन नबीन के साथ खास बात यह है कि उनके नाम के साथ लगा नबीन उनके स्वर्गीय पिता का नाम है। वे नबीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं। सो, उनके नबीन जी नहीं कहा जा सकता है। उनको या तो नितिन नबीन कहना होगा या नितिन। सो, ज्यादातर लोग नितिन जी कह रहे हैं और इससे लोग चौंक भी रहे हैं क्योंकि अभी लोगों को नितिन गडकरी के अलावा किसी और के लिए नितिन जी का संबोधन सुनने को नहीं मिला था। भाजपा के बड़े नेता और संघ के सर्किल में यह कंफ्यूजन चल रहा है। हालांकि सब मान रहे हैं कि थोड़े दिन में आदत लग जाएगी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



