यह बड़ा सवाल है क्योंकि अभी तक इनके बारे में फैसला नहीं हो सका है। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसद पार्टी छोड़ कर त्रिपुरा की पार्टी एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं। लेकिन अभी तक उस पार्टी को मान्यता नहीं मिली है। अभी तक उनको तृणमूल का ही सांसद माना जाता है। स्पीकर ओम बिरला ने सभी सांसदों से मिल कर उनकी रिपोर्ट ली है और उनके बारे में फैसला करना है। इस बीच ममता बनर्जी के विधायकों में हुई टूट को कलकत्ता हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है। शुक्रवार, 27 नवंबर को आया कलकत्ता हाई कोर्ट का फैसला इस पूरे मामले को प्रभावित करेगा।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी की पार्टी से जीते 80 विधायकों में से करीब 60 विधायकों ने पाला बदल लिया था। पाला बदल कर इन विधायकों की ओर से ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में विधायक दल के नेता के तौर पर मान्यता देने को कहा गया। साथ ही अखरूजमां को सचेतक बनाने का प्रस्ताव दिया गया। स्पीकर ने तत्काल इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। इससे पहले ममता बनर्जी ने शोवनदेव चटोपाध्याय को विधायक दल का नेता बनाया था। उनका दावा खारिज कर दिया गया। शोवनदेव ने दोनों नियुक्तियों को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। शुक्रवार को हाई कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए ऋतब्रत बनर्जी और अखरूजमां की नियुक्तियों को रद्द कर दिया। अदालत ने स्पीकर से रिपोर्ट मांगी है और कहा है कि उन्होंने ऋतब्रत बनर्जी के गुट की हार बात मानी और उन्हें कई मौके दिए, जबकि ममता बनर्जी गुट का पक्ष सुनने के लिए उनको मौका नहीं दिया गया। इससे पहले ममता की पार्टी ने ऋतब्रत पर फर्जी कागज तैयार करके पार्टी पर दावा करने का मुकदमा भी दर्ज कराया है। उसकी भी सुनवाई होनी है। संसद में शक्ति परीक्षण से पहले कलकत्ता हाई कोर्ट के फैसले से तकनीकी पेंच फंसेगा। हालांकि सरकार का काम रूकेगा नहीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



