बिहार के नेता आनंद मोहन की रिहाई सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दी है। साथ ही उनको रिहा करने के लिए 2023 में जेल मैनुअल में किए गए संशोधन को भी अदालत ने रद्द कर दिया है। असल में बिहार में जेल मैनुअल में यह नियम था कि किसी सरकारी सेवक की हत्या के दोषी को अगर आजीवन कारावास मिला है तो उसे 14 साल के बाद सजा समाप्त कराने की सुविधा नहीं मिलेगी। उसे कम से कम 20 साल जेल में रहना होगा। अप्रैल 2023 में राज्य सरकार ने इसे बदल कर सरकारी सेवक की हत्या को भी सामान्य हत्या की श्रेणी में रख दिया। उसके बाद सरकार पहल करके आनंद मोहन की सजा समाप्त कर दी। हालांकि तब तक वे लगभग 16 साल जेल में रह चुके थे।
आनंद मोहन को आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में सजा हुई थी। जी कृष्णैया की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में उनकी रिहाई को चुनौती दी थी। अब आनंद मोहन को वापस जेल जाना होगा और कम से कम चार साल जेल में रहना होगा। उसके बाद भी अगर राज्य सरकार उनके प्रति सहानुभूति रखेगी तभी उनकी रिहाई हो पाएगी। इस घटनाक्रम के बाद बिहार और झारखंड के राजपूत नेताओं और आम लोगों में भी नाराजगी है। ध्यान रहे इन दोनों राज्यों से भाजपा ने केंद्र में कोई मंत्री नहीं बनाया है। पिछले लोकसभा में तो झारखंड के दोनों राजपूत सांसदों की टिकट कट गई थी। लेकिन क्या इस घटनाक्रम का असर उत्तर प्रदेश के चुनाव पर भी होगा? बिहार भाजपा और जदयू के नेता इसकी संभावना शून्य मान रहे हैं क्योंकि वहां योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री हैं। इसके अलावा वहां के लगभग सभी बड़े ठाकुर नेता भाजपा के साथ ही हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



