चंद्रबाबू नायडू इस बदलाव से संतुष्ट हैं। जगन मोहन रेड्डी संतुष्ट हैं। अन्ना डीएमके इस बदलाव पर राजी है। लेकिन चूंकि कांग्रेस के नेता इसमें अपना राजनीतिक नुकसान देख रहे हैं। इसलिए वे इसका विरोध कर रहे हैं। लेकिन उनके विरोध के बावजूद तीनों विधेयक संसद से दो तिहाई से ज्यादा बहुमत से पास होंगे और देश इतिहास बनते हुए देखेगा।
भारत एक ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने जा रहा है। संसदीय राजनीति का नया इतिहास लिखा जाना है। 1973 के बाद यानी पांच दशक से ज्यादा समय में जो काम कोई सरकार नहीं कर पाई थी वह काम नरेंद्र मोदी की सरकार करने जा रही है। लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 फीसदी की बढ़ोतरी होने जा रही है। राज्यों की विधानसभा की सीटों में भी 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी और महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिलेगा। यह सब 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में शुक्रवार, 27 नवंबर को नारी शक्ति वंदन कानून, 2023 में संशोधन के नए बिल को मंजूरी दे दी गई। साथ ही दो परिसीमन बिल भी तैयार हैं, जो राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए हैं। इसके लिए संसद के मानसून सत्र का विस्तारित सत्र आहूत किया गया है और सरकार के पास इन्हें पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत भी है।
लोकसभा में 30 नवंबर को और राज्यसभा में दो दिसंबर को ये बिल पेश किए जाएंगे। सरकार लोकसभा की सीटों की अधिकतम संख्या साढ़े आठ सौ करने जा रही है। साथ ही किसी भी राज्य की विधानसभा में सीटों की अधिकतम संख्या बढ़ा कर साढ़े छह सौ करने का प्रस्ताव भी है। इसका अर्थ है कि उत्तर प्रदेश को विभाजित किए बगैर उसके सदस्यों की संख्या 605 की जा सकती है। बहरहाल, लोकसभा के सदस्यों की मौजूदा संख्या 543 है। इस लिहाज से 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद लोकसभा में सदस्यों की संख्या 815 हो सकती है। लेकिन अगर सभी राज्यों में 50 फीसदी सीटें बढ़ती हैं और उसे राउंड फिगर यानी पूर्णांक में बदला जाता है तो यह संख्या 824 होगी। इसी तरह राज्यों की विधानसभाओं में विधायकों की कुल संख्या 4,123 से बढ़ कर 6,185 हो जाएगी। हर राज्य में 50 फीसदी बढ़ोतरी और पूर्णांक लेने पर यह संख्या 6,188 होगी। लक्षद्वीप की सीट नहीं बढ़ेगी।
ध्यान रहे केंद्र सरकार ने इस साल 16 से 18 अप्रैल के बीच संसद का विशेष सत्र बुला कर नारी शक्ति वंदन कानून, 2023 में बदलाव के लिए संविधान का 131वां संशोधन पेश किया था। इसे पास कराने के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी। यानी सदन की कुल 543 की संख्या के मुताबिक 360 सदस्यों के वोट की जरुरत थी। सरकार इसका इंतजाम नहीं कर पाई थी। विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े थे। उसके बाद सरकार ने परिसीमन से जुड़े दोनों विधेयक वापस ले लिए थे। लेकिन विपक्ष की यह जीत अस्थायी साबित हुई है। अब सरकार ने दो तिहाई बहुमत जुटा लिया है। विपक्ष में फूट पड़ गई है। ‘इंडिया’ ब्लॉक की कई पार्टियां खुल कर सरकार के साथ आ गई हैं।
विपक्ष की पार्टियों को इस ऐतिहासिक बदलाव के लिए तैयार करना मामूली बात नहीं थी। लेकिन भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने विपक्ष के नेताओं को देश हित में इसका समर्थन करने के लिए तैयार किया। ध्यान रहे 26 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के मौके पर एक लेख लिखा, जिसमें उन्होंने विपक्ष को महिलाओं के सशक्तिकरण के रास्ते का अवरोध बताया। विपक्ष की कई पार्टियों ने अवरोध नहीं बनने का फैसला किया है। असल में यह बदलाव न सिर्फ लोकसभा और विधानसभा की सीटों को तर्कसंगत बनाएगा और आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व बेहतर करेगा, बल्कि महिलाओं को 33 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित करके विधायी कामकाज में उनकी भूमिका बढ़ाएगी। कांग्रेस इसके बावजूद इस बदलाव का विरोध करती रही। लेकिन एक एक करके उसकी सहयोगी पार्टियों ने उसका साथ छोड़ दिया।
सबसे पहले अगर इस पर बात करें कि पिछले साल अप्रैल के बाद क्या बदल गया, जो सरकार दो तिहाई बहुमत जुटाने में कामयाब हो गई है तो उसका पहला जवाब यह होगा कि मई में आए पांच राज्यों के चुनाव नतीजों ने सब बदल दिया। पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस टूट गई और उसके 20 सांसदों ने अलग पार्टी में शामिल होकर एनडीए का समर्थन कर दिया। राज्य के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने न सिर्फ केंद्र की सरकार को 20 सांसदों का अतिरिक्त समर्थन उपलब्ध कराया, बल्कि इस ऐतिहासिक बदलाव का रास्ता भी साफ किया। इसी तरह चार मई को आए नतीजों में तमिलनाडु में डीएमके की हार और कांग्रेस का गठबंधन तोड़ कर सी जोसेफ विजय की पार्टी के साथ जाने का फैसला भी एक कारण बना। उससे डीएमके नेता एमके स्टालिन को इन विधेयकों का समर्थन करने के लिए तैयार करना आसान हो गया। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की पार्टी के छह सांसद एकनाथ शिंदे की पार्टी में चले गए और शरद पवार की पार्टी ने भी अपना और देश का हित देखते हुए विधेयकों के समर्थन का फैसला किया। इस तरह सरकार ने दो तिहाई बहुमत जुटा लिया और तीन दिसंबर से पहले इतिहास बन जाएगा।
इस बात को भी समझने की जरुरत है कि किसी भी पार्टी का इस बिल से सैद्धांतिक या विचारधारात्मक विरोध नहीं है। हर पार्टी कहती है कि सीटों की संख्या बढ़नी चाहिए और महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए। तभी जुलाई 2023 में नारी शक्ति वंदन कानून सभी पार्टियों के समर्थन से पास हुआ था। लेकिन अब कांग्रेस और उसकी समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, राजद या जेएमएम जैसी सहयोगी पार्टियों को लग रहा है कि इसका राजनीतिक असर उनके लिए भूचाल लाने वाला होगा। सीटों की संख्या बढ़ती है, सीटों की भौगोलिक संरचना बदलती है, जनसंख्या संरचना में बदलाव आता है और एक तिहाई आरक्षण महिलाओं को मिलता है तो इसका सीधा लाभ भाजपा को होगा। ध्यान रहे महिलाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता किसी भी दूसरे नेता से ज्यादा है। इसलिए कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां, जो 2029 के चुनाव में अपने लिए अवसर देख रही थीं, उनको निराशा हुई है। तभी उन्होंने इसका विरोध करने का फैसला किया है। परंतु देश की जनता और खास कर महिलाएं देख रही हैं कि उनका विरोध विचाराधारात्मक नहीं, बल्कि राजनीतिक है।
सवाल है कि जब कांग्रेस ने दक्षिण के राज्यों के विरोध को आधार बना कर सीटों की संख्या में बदलाव का विरोध किया था तो अब समर्थन क्यों नहीं कर रही है, जबकि दक्षिण के राज्य इसके पक्ष में आ गए हैं? डीएमके नेता एमके स्टालिन की पार्टी संतुष्ट है कि परिसीमन के बाद भी लोकसभा सदस्यों की संख्या के अनुपात में उनके राज्य के सदस्यों की संख्या 7.20 फीसदी बनी रहेगी। चंद्रबाबू नायडू इस बदलाव से संतुष्ट हैं। जगन मोहन रेड्डी संतुष्ट हैं। अन्ना डीएमके इस बदलाव पर राजी है। लेकिन चूंकि कांग्रेस के नेता इसमें अपना राजनीतिक नुकसान देख रहे हैं। इसलिए वे इसका विरोध कर रहे हैं। लेकिन उनके विरोध के बावजूद तीनों विधेयक संसद से दो तिहाई से ज्यादा बहुमत से पास होंगे और देश इतिहास बनते हुए देखेगा।
यह ऐतिहासिक इसलिए है क्योंकि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी। लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ने पर संख्या 815 होती है, जिसमें से 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी। इसके अलावा भी सामान्य सीटों से भी महिलाएं जीत कर आएंगी। इसका अर्थ है कि लोकसभा में तीन सौ या उससे ज्यादा महिलाएं हो सकती हैं। इससे राजनीति में और विधि निर्माण में आधी आबादी की भूमिका सुनिश्चित होगी। यह भी ध्यान रखने की जरुरत है कि 1971 की जनगणना में भारत की कुल आबादी 55 करोड़ के आसपास थी, जो अब लगभग तीन गुनी हो गई है। हर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या करीब तीन गुनी हो गई है। इसलिए भी उनके प्रतिनिधियों की संख्या में बढ़ोतरी आवश्यक थी ताकि उनका बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो। इन दोनों कामों की शुरुआत दिसंबर के पहले हफ्ते में हो जाएगी। संविधान के 131वें संशोधन विधेयक के पास होने के बाद महिला आरक्षण का रास्ता साफ हो जाएगा और परिसीमन बिल पास होने के बाद सरकार जल्दी से जल्दी परिसीमन आयोग का गठन करेगी, जो लोकसभा और विधानसभा सीटों की भौगोलिक संरचना और जनसंख्या संरचना के आधार पर बदलाव की सिफारिश करेगी। इससे अगले लोकसभा चुनाव तक देश की पूरी तस्वीर बदली हुई दिखाई देगी। इस ऐतिहासिक बदलाव का स्वागत होना चाहिए। देश पांच दशक से इसकी प्रतीक्षा कर रहा था।
(लेखक दिल्ली में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामंग (गोले) के कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त विशेष कार्यवाहक अधिकारी हैं।)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



