झारखंड के पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा का कार्यकाल पूरा होने वाला है और राज्य को नया पुलिस प्रमुख मिलने वाला है। झारखंड से सटे बिहार में हाल ही में तेजतर्रार पुलिस अधिकारी आरएस भट्टी को डीजीपी बनाया गया है। उसी तरह झारखंड में भी किसी तेजतर्रार अधिकारी को पुलिस की कमान सौंपने की तैयारी है। ध्यान रहे पिछली बार पुलिस प्रमुख के पद को लेकर कई उलटफेर हुए थे। बेहद हाईप्रोफाइल और तेजतर्रार अधिकारी केएन चौबे कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए थे। नीरज सिन्हा भी बने तो उन्हें लेकर कई सवाल उठे और कानूनी विवाद भी हुआ। सरकार इससे भी बचना चाह रही है।
जानकार सूत्रों के मुताबिक राज्य का नया पुलिस प्रमुख सीबीआई के अनुभव वाला कोई अधिकारी बन सकता है। पुलिस प्रमुख के लिए जो तीन नाम हैं उनमें से दो नाम ऐसे हैं, जिनको सीबीआई का अनुभव है। सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक अजय भटनागर और सीबीआई में रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अनिल पाल्टा के नाम की चर्चा है। भटनागर या पाल्टा में से किसी के झारखंड पुलिस प्रमुख बनने पर क्या होगा? कया इससे राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को कुछ राहत मिलेगी? ध्यान रहे उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों में कई मामले चल रहे हैं। बहरहाल, पहले एसएन प्रधान के नाम की भी चर्चा थी, लेकिन अब कहा जा रहा है कि उनका नाम पैनल में नहीं है। वे भी केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति पर हैं। भटनागर और पाल्टा के अलावा तीसरा नाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एके सिंह का है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


