न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, बेहतरीन स्पिन और हैरान करने वाली फील्डिंग के लिए जाने जाते हैं। लेकिन, फिलिप्स सिर्फ मैदान पर ही नहीं बल्कि हवा में भी करतब दिखा सकते हैं। मंगलवार को ऑकलैंड के आकाश में उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसे देख दुनियाभर के क्रिकेट फैंस हैरान हैं।
ग्लेन फिलिप्स ने मंगलवार को ऑकलैंड के आर्डमोर एयरोड्रोम पर एक लाइट एयरक्राफ्ट को सफलतापूर्वक लैंड कराकर अपनी पायलट क्षमताओं का प्रदर्शन किया। इसका वीडियो फिलिप्स ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया।
फिलिप्स ने बताया कि वह कमर्शियल पायलट का लाइसेंस लेने की प्रक्रिया में हैं और इसके लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। ऑल-राउंडर ने हाल ही में आर्डमोर फ्लाइंग स्कूल में स्टूडेंट्स और इंस्ट्रक्टर्स से बातचीत भी की।
Also Read : चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के पांच अधिकारियों का किया ट्रांसफर
फिलिप्स ने कहा यह मेरा बड़ा पैशन है। अगर मैं क्रिकेट नहीं खेल रहा होता और मेरे पास दुनिया भर का पैसा होता, तो शायद मैं पायलट बनता। मुझे हवा में रहना बहुत पसंद है। पहाड़ों में जाकर अपने शौक पूरे करना और पायलट बनना मेरी प्राथमिकता है।”
दाएं हाथ से बल्लेबाजी के अलावा बाएं हाथ से बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग में भी सक्षम फिलिप्स का एयरक्राफ्ट के कॉकपिट में भी हाथ आजमाना उनकी जिंदगी के आयामों को प्रदर्शित करता है और यह बताता है कि शायद ऐसा कुछ नहीं, जो फिलिप्स न कर सकें।
ग्लेन फिलिप्स जल्द आईपीएल 2026 में दिखेंगे। वह लीग में गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। फिलिप्स को उनकी क्षमता के मुताबिक आईपीएल में मौके नहीं मिले हैं। देखना होगा आगामी सीजन में जीटी उनका कितना और कैसे इस्तेमाल करती है।
फिलिप्स के अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर पर गौर करें तो 29 साल के इस खिलाड़ी ने 97 टी20 मैच न्यूजीलैंड के लिए खेले हैं जिसकी 85 पारियों में 2 शतक और 12 अर्धशतक लगाते हुए 142.69 की स्ट्राइक रेट से 2,286 रन बनाए हैं और 9 विकेट हासिल किए हैं।
Pic Credit : X


