हैरी ब्रूक (नाबाद 114) और जॉश बटलर (80) की शानदार पारियों के बाद सॉनी बेकर (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने पहले टी-20 मुकाबले में श्रीलंका को 119 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका के बल्लेबाजी इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण का सामना नहीं कर सके और उनकी पूरी टीम 19 ओवरों में 135 रन के स्कोर पर सिमट गई। दुनिथ वेललागे ने श्रीलंका के सर्वाधिक 33 रनों की पारी खेली। इसके अलावा दासुन शनाका (24), पथुम निशंका (12), कामिल मिशारा (10) और कप्तान चरित असलांका (10) रन बनाकर आउट हुये। ईशान मलिंगा पांच गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से सॉनी बेकर ने (तीन विकेट) लिये। लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन को दो-दो विकेट मिले। जॉश टंग, विल जैक्स और आदिल रशीद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
Also Read : आईपीएल 2027 की नीलामी भारत में होगी
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को तीसरे ही ओवर की पहली गेंद पर एन्यूरिन डोनाल्ड (12) रन के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान हैरी ब्रूक ने जॉश बटलर के साथ आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दूसरे विकेट के लिए 128 रन जोड़ कर बड़े स्कोर की नीव रखी। 13वें ओवर की पहली गेंद पर वानिंदु हसरंगा ने शतक की ओर बढ रहे जॉश बटलर को आउट कर पवेलियन भेज दिया। बटलर ने 44 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए (80) रन बनाये। इसके बाद टॉम बैंटन (10) और विल जैक्स (21) रन बनाकर आउट हुये। हालांकि इस दौरान हैरी ब्रूक एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। उन्होंने 49 गेंदों में 10 चौके और छह छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 114) रन बनाये। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका की ओर से दुष्मंथा चमीरा, ईशान मलिंगा, वानिंदु हसरंगा और दुनिथ वेललागे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



