राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

स्टार्क ने टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में फिर हासिल किया शीर्ष स्थान

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को यानसन को पीछे छोड़ दिया है। रैंकिंग में यह ताजा बदलाव केपटाउन में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट समाप्त होने के बाद हुआ है। इस मुक़ाबले में स्टार्क ने नौ और यानसन ने तीन विकेट लिए।

स्टार्क ने इस टेस्ट में पहली पारी में 72 रन देकर छह और दूसरी पारी में 65 रन देकर तीन विकेट लिए। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया यह मुक़ाबला 176 रन से हार गया और सीरीज 1-2 से गंवा दी। यानसन को तीन टेस्ट में 198 रन बनाने और 13 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। इसी प्रदर्शन के दम पर वह पिछले सप्ताह पहली बार टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे थे।

यानसन के साथी साइमन हार्मर ने इस मुक़ाबले में 10 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके बाद वह गेंदबाजों की रैंकिंग में नौ स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए। उनके 817 रेटिंग अंक किसी दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर के दूसरे सर्वाधिक अंक हैं। उनसे आगे सिर्फ ह्यू टेफील्ड हैं, जिनके नाम फरवरी 1957 में 895 रेटिंग अंक थे।

Also Read : नडाल रियल मैड्रिड के निदेशक मंडल में हुए शामिल

हार्मर के इस प्रदर्शन से ऑलराउंडरों की रैंकिंग में भी उन्हें तीन स्थान का फायदा हुआ और वह पांचवें नंबर पर पहुंच गए। यानसन पहले और वियान मुल्डर तीसरे स्थान पर हैं। शीर्ष पांच में शामिल अन्य दो खिलाड़ी रवींद्र जडेजा दूसरे और मेहदी हसन चौथे स्थान पर हैं।

केपटाउन टेस्ट की दूसरी पारी में मुल्डर के 115 रन की बदौलत वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में सात स्थान ऊपर चढ़कर करियर के सर्वश्रेष्ठ 17वें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, रायन रिकल्टन 101 रन की पारी के बाद 25 स्थान की छलांग लगाकर 23वें नंबर पर पहुंच गए।

पाकिस्तान में त्रिकोणीय सीरीज समाप्त होने के बाद वनडे रैंकिंग में भी बदलाव हुए हैं। बेन डकेट ने श्रीलंका के ख़िलाफ 132 गेंदों में 167 रन की पारी खेलकर करियर की सर्वश्रेष्ठ छठी रैंकिंग हासिल की। वहीं, पवन रत्नायके ने हालिया मैचों में 77 और 118 रन बनाए थे। इसके बाद वह 20 स्थान ऊपर चढ़कर 16वें नंबर पर पहुंच गए। फाइनल में 127 रन की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले फख़र जमान नौ स्थान ऊपर चढ़कर 37वें नंबर पर पहुंच गए।

भारत की न्यूजीलैंड के ख़िलाफ टी 20 सीरीज समाप्त होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर पांचवें मैच में 50 रन बनाने के बाद दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए। वहीं, ग्लेन फिलिप्स पांच मैचों में 341 रन बनाने और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने जाने के बाद 13 स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर पहुंच गए।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment