ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जबरदस्त गिरावट देखी गयी और प्रमुख सूचकांक दो प्रतिशत से ज्यादा टूट गये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,677.12 अंक (2.15 प्रतिशत) लुढ़ककर 76,503.60 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 516.65 अंक यानी 2.12 प्रतिशत टूटकर 23,882.05 अंक पर आ गया। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 30 जून का बाद का निचला बंद स्तर है।
अमेरिका ने मंगलवार को ईरान पर फिर हमले किये। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ अंतरिम शांति समझौता समाप्त होने की घोषणा की है। इससे बाजार में निवेश धारणा कमजोर हुई। निवेशकों ने इक्विटी में जोखिम उठाने से परहेज किया।
तनाव बढ़ने के बाद कच्चा तेल छह प्रतिशत से अधिक चढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। साथ ही दुनिया भर के लगभग सभी प्रमुख शेयर बाजारों में गिरावट रही।
घरेलू स्तर पर वृहत बाजार में भी बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.45 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.24 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। वहीं, बाजार में उथल-पुथल के स्तर को दिखाने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 24.85 पर पहुंच गया।
Also Read : एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही सभी आरोपों का जवाब दूंगा : चंपत राय
चौतरफा बिकवाली के बीच तेल एवं गैस, ऑटो, वित्त, बैंकिंग, एफएमसीजी, मीडिया, रसायन और सीमेंट सेक्टरों के सूचकांक दो से ढाई प्रतिशत तक गिर गये। आईटी, रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और स्वास्थ्य समूहों में एक से दो प्रतिशत तक गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,411 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,631 के शेयर लाल निशान में और 698 के हरे निशान में रहे। अन्य 82 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स में सभी 30 कंपनियों के शेयर नीचे रहे। इंडिगो का शेयर सबसे अधिक 5.02 प्रतिशत गिर गया। मारुति सुजुकी का शेयर 4.11 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 3.36, बजाज फाइनेंस का 3.07, कोटक महिंद्रा बैंक का 2.93, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.85, आईटीसी का 2.82, बीईएल का 2.70 और अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.54 प्रतिशत लुढ़क गया।
एशियन पेंट्स में 2.49 प्रतिशत, एलएंडटी में 2.41, आईसीआईसीआई बैंक में 2.36, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2.35, एचडीएफसी बैंक में 2.27, अडानी पोर्ट्स में 2.26 और एक्सिस बैंक में 2.17 प्रतिशत की गिरावट रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.98 फीसदी, भारतीय स्टेट बैंक का 1.90, भारती एयरटेल का 1.82, टीसीएस का 1.78, बजाज फिनसर्व का 1.64, एनटीपीसी का 1.48, पावरग्रिड का 1.44, टेक महिंद्रा का 1.20 और इटरनल का एक प्रतिशत फिसल गया।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.11 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.49 फीसदी टूट गया। हांगकांग का हैंग सेंग 2.99 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.73 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.96 प्रतिशत नीचे था।
Pic Credit : ANI


