राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कच्चे तेल के दबाव में फिसला शेयर बाजार

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार चौथे दिन गिरावट देखी गयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 325.78 अंक (0.42 प्रतिशत) लुढ़ककर 76,909.68 अंक पर बंद हुआ। सुबह 17 अंक की मामूली गिरावट में खुलने के बाद यह पूरे दिन लाल निशान में रहा। बीच कारोबार में एक समय यह 422 अंक टूट गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 76.60 अंक यानी 0.32 प्रतिशत उतरकर 24,078.30 अंक पर रहा। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का इस साल 28 जुलाई के बाद का निचला स्तर है।

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बने संशय के कारण कच्चे तेल में आज भी तेजी रही। यह एक प्रतिशत चढ़कर 91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया जो तीन सप्ताह का उच्चतम स्तर है। इससे घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा कमजोर हुई। वृहत बाजार में भी निफ्टी मिडकैप-50 की 0.02 प्रतिशत की तेजी को छोड़कर अन्य सभी सूचकांक लाल निशान में रहे। स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.51 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी 0.73 प्रतिशत चढ़ गया। ऑटो, वित्त, बैंकिंग, मीडिया, धातु, फार्मा, रियल्टी, स्वास्थ्य और तेल एवं गैस सेक्टरों के सूचकांक टूट गये।

Also Read : बक्सर-भागलपुर छह लेन एक्सप्रेसवे के निर्माण का रास्ता साफ, मंत्रिमंडल की मंजूरी

एनएसई में कुल 3,609 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें से 2,171 के शेयर लाल निशान में और 1,320 के हरे निशान में रहे। अन्य 118 कंपनियों के शेयर दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में पावरग्रिड का शेयर दो प्रतिशत फिसल गया। बजाज फाइनेंस में 1.31 प्रतिशत, एलएंडटी में 1.27, आईटीसी में 1.18, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 0.98 और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.90 प्रतिशत की गिरावट रही।

बीईएल, इंडिगो, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी गिरावट में रहे। मुनाफा कमाने वालों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.73 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इटरनल में 1.33 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.23 प्रतिशत और सन फार्मा में 1.15 प्रतिशत की तेजी रही।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 3.16 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 2.40 प्रतिशत लुढ़क गया। हांगकांग के हैंग सेंग में 0.09 प्रतिशत की मजबूती देखी गयी। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.05 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.02 प्रतिशत नीचे रहा।

Pic Credit : ANI

Tags :

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment