राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कठघरे में नीतियां हैं

क्या कोई ऐसी मिसाल है, जहां पूंजीपतियों को तमाम नियम-कायदों से मुक्त करने और सार्वजनिक संसाधन सौंप देने का परिणाम उससे अलग आया हो, जिसको लेकर नरेंद्र मोदी के भाषण के बाद से भारत में चर्चा छिड़ी हुई है?

फिक्की के मंच पर प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से कहा कि ‘आपका पेट बहुत बड़ा है, जितना भी दो उसमें चला जाता है।’ इस वाक्य ने उन नीतियों पर हमेशा से मौजूद रहे सवालों को सबके सामने ला दिया, जिनके तहत कॉरपोरेट के नेतृत्व में विकास और खुशहाली के सपने संजोये गए। बहरहाल, नरेंद्र मोदी ने खुद को कॉरपोरेट का दोस्त बताने के लिए पुरानी सरकारों के साथ उनके कथित खराब तजुर्बे की चर्चा कर इस मामले को दलगत आरोप-प्रत्यारोप का मसला बना दिया, जिससे इस पर किसी सार्थक बहस की गुंजाइश सिमट गई।

उसके बाद अपेक्षित प्रतिक्रियाएं ही आई हैं, जिनमें पक्ष- विपक्ष ने एक दूसरे पर दोष मढ़ा है। जबकि नीतियों की गंभीर पड़ताल पर बात केंद्रित नहीं हो पाई है। जब कभी ऐसी पड़ताल होगी, उसमें ना सिर्फ भारत, बल्कि दुनिया भर के अनुभवों को शामिल किया जाएगा। क्या कोई ऐसी मिसाल है, जहां पूंजीपतियों को तमाम नियम-कायदों से मुक्त करने और तमाम सार्वजनिक संसाधनों पर उनकी बेरोक पहुंच का रास्ता खोलने का परिणाम उससे अलग आया है, जिसकी मोदी के भाषण के बाद से भारत में चर्चा छिड़ी हुई है? पूंजी को खुली प्रतिस्पर्धा के जरिये वाजिब मुनाफा कमाने की पूरी स्वतंत्रता जरूर आर्थिक विकास की एक शर्त रही है, मगर विकास तभी संभव हुआ है, जब ये सुविधाएं राष्ट्रीय लक्ष्य निर्धारण एवं नियोजन के दायरे में दी गई हों।

अमेरिका में जब न्यू डील के तहत ऐसा नियोजन हुआ, तो वहां समृद्धि एवं उसके वितरण से वह दौर आया, जिसे “पूंजीवाद का स्वर्ण युग” कहा जाता है। 1980 के दशक के बाद जब ‘सरकार कोई समाधान नहीं है, बल्कि सरकार ही समस्या है’, का रोनॉल्ड रेगन का मंत्र अपनाया गया, तो उसके बाद की प्रवृत्तियां उसे आज के मुकाम पर ले आई हैं। भारत की कहानी उससे अलग नहीं है। अतः मोदी का भाषण बेशक उनकी अपनी सरकार की नीतियों की विफलता की आत्म-स्वीकृति है, लेकिन इससे भी आगे यह उन नीतियों का परिणाम हैं, जो पिछले 35 साल में अर्थव्यवस्था में मोनोपॉली के उभार, भीषण गैर-बराबरी, और युवा अवसरहीनता के लिए वास्तव में जिम्मेदार हैं।

Tags :

By NI Editorial

The Nayaindia editorial desk offers a platform for thought-provoking opinions, featuring news and articles rooted in the unique perspectives of its authors.

Leave a comment