nayaindia seat sharing Bihar बिहार में भाजपा 17 और जदयू 16 सीटों पर लड़ेगी

बिहार में भाजपा 17 और जदयू 16 सीटों पर लड़ेगी

नई दिल्ली। बिहार में एनडीए की सहयोगी पार्टियों में सीट बंटवारे का फैसला हो गया है। तमाम अटकलों से उलट बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी 16 सीटें बचाने में कामयाब हो गए। पिछली बार वे एनडीए में रहते हुए 17 सीटों पर लड़े थे। भाजपा पिछली बार की तरह इस बार भी 17 सीटों पर लड़ेगी। लोक जनशक्ति पार्टी के चिराग पासवान गुट को पांच सीटें मिली हैं, जबकि जीतन राम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को एक एक सीटें मिली हैं।

जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी ने अपनी जीती हुई दो सीटें छोड़ी हैं। जनता दल यू की जीती हुई काराकाट सीट उपेंद्र कुशवाहा को मिलेगी, जबकि गया सीट जीतन राम मांझी को मिलेगी। नीतीश कुमार को इन दो सीटों के बदले एक शिवहर की सीट मिली है, जो पहले भाजपा ने जीती थी। भाजपा की रमा देवी इस सीट से सांसद हैं। यह सीट अब जदयू के खाते में चली गई है। माना जा रहा है कि पूर्व सांसद लवली आनंद इस सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। वे सोमवार को ही जनता दल यू में शामिल हुई हैं। वे पिछला विधानसभा चुनाव राजद के टिकट से लड़ी थीं।

बहरहाल, सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े ने सभी सहयोगी पार्टियों के नेताओं की मौजूदगी में सीटों के बंटवारे का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि भाजपा ने अपने कोटे की एक सीट शिवहर जदयू के लिए छोड़ी है, जबकि लोजपा कोटे की नवादा सीट भाजपा को मिली है। गौरतलब है कि लोजपा के पशुपति पारस गुट को एनडीए की ओर से एक भी सीट नहीं मिली है। कहा जा रहा है कि अब पशुपति पारस केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देंगे।

बहरहाल, सोमवार को हुई घोषणा के मुताबिक भाजपा जिन सीटों पर लड़ेगी उनमें औरंगाबाद, मधुबनी, अरिरया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगूसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और सासाराम शामिल हैं। नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यू वाल्मिकीनगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सिवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद और शिवहर से उम्मीदवार उतारेगी। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई से चुनाव लड़ेगी। जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा गया से और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा काराकाट से लड़ेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें