नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी एपल के प्रमुख टिम कुक से नाराज हैं। वे इस बात से नाराज हैं कि कुक एपल के उत्पाद भारत में बनाना चाहते हैं। उन्होंने टिम कुक से साफ साफ कहा है कि भारत में एपल को फैक्टरी लगाने की जरुरत नहीं है।
ट्रंप ने कहा है कि बरसों तक कुक चीन में एपल के उत्पादों का निर्माण करते रहे, जिसे अमेरिका ने सहन किया लेकिन अब उनको अमेरिका में फैक्टरी लगानी होगी। वे भारत में फैक्टरी लगाएं यह बरदाश्त नहीं होगा। ट्रंप ने साथ ही यह भी दावा किया कि भारत अमेरिकी उत्पादों पर जीरो टैरिफ लगाने के लिए राजी हो गया है। हालांकि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अभी व्यापार संधि फाइनल नहीं हुई है।
बहरहाल, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एपल के सीईओ टिम कुक से कहा है कि भारत में फैक्टरी लगाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मैं नहीं चाहता हूं कि एपल के प्रोडक्ट वहां बनाएं। इंडिया अपना ख्याल खुद रख सकता है’। एपल के सीईओ से हुई इस बातचीत की जानकारी खुद ट्रंप ने गुरुवार को कतर की राजधानी दोहा में कारोबियों के साथ बातचीत के दौरान दी।
ट्रंप का कुक को भारत में फैक्टरी न लगाने का संदेश
उन्होंने कहा कि एपल को अब अमेरिका में उत्पादन बढ़ाना होगा। ट्रंप ने इस दौरान दावा किया कि भारत ने जीरो टैरिफ डील की पेशकश की है। उन्होंने कहा, ‘भारत हमसे ट्रेड में कोई चार्ज नहीं लेने को तैयार है’।
एपल के सीईओ से हुई बातचीत का ब्योरा देते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मुझे कल टिम कुक के साथ थोड़ी परेशानी हुई। मैंने उनसे कहा, टिम, तुम मेरे दोस्त हो, मैंने तुम्हारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया, तुम पांच सौ अरब डॉलर लेकर आ रहे हो, लेकिन अब मैं सुन रहा हूं कि तुम पूरे भारत में प्रोडक्शन कर रहे हो। मैं नहीं चाहता कि तुम भारत में प्रोडक्शन करो’।
उन्होंने कहा, ‘भारत दुनिया में सबसे ज़्यादा टैरिफ वाले देशों में से एक है। भारत में बेचना बहुत मुश्किल है और उन्होंने हमें एक डील ऑफर की है जिसके तहत वे हमसे कोई टैरिफ नहीं वसूलने को तैयार हैं’।
ट्रंप ने आगे कहा, ‘मैंने टिम से कहा, टिम, देखो, हमने तुम्हारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया है, हमने वर्षों तक चीन में तुम्हारे द्वारा बनाए गए सभी फैक्टरी को सहन किया, अब तुम्हें अमेरिका में निर्माण करना होगा, हम नहीं चाहते कि तुम भारत में निर्माण करो। इंडिया अपना ख्याल खुद रख सकता है’।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही एपल के सीईओ टिम कुक ने एक इंटरव्यू में बताया था कि अमेरिकी बाजार में बिकने वाले 50 फीसदी आईफोन भारत में बन रहे हैं। कुक ने कहा कि भारत अप्रैल से जून तिमाही में अमेरिका में बिकने वाले आईफोन्स का कंट्री ऑफ ओरिजिन बन जाएगा। उन्होंने बताया कि एयरपॉड्स, एपल वॉच जैसे अन्य उत्पाद ज्यादातर वियतनाम में बनाए जा रहे हैं।
Also Read: चीन का बहिष्कार करने की हिम्मत नहीं
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


