राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

भय और नफरत के खिलाफ यात्रा: राहुल

कुरुक्षेत्र। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी ने हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस की। राहुल ने अपनी यात्रा को सफल बताते हुए दावा किया कि पूरे देश में इस पर लोगों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उनकी यात्रा भय और नफरत के खिलाफ है। साथ ही राहुल ने यह भी कहा कि भारत जोड़ो यात्रा महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ भी है। उन्होंने यात्रा का मकसद बताते हुए कहा कि देश की वास्तविक आवाज को सुनने के लिए यह यात्रा निकाली गई है।

कुरुक्षेत्र के नजदीक समाना में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा- भारत जोड़ो यात्रा को हर जगह शानदार प्रतिक्रिया मिली है। गौरतलब है कि सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से यह यात्रा शुरू हुई थी, जिसका समापन 30 जनवरी को कश्मीर में होगा। इस समय यात्रा हरियाणा से गुजर रही है। यात्रा के अपने अनुभव के बारे में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने इस यात्रा के दौरान बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा- देश के दिल में क्या है वह सीधे तौर पर लोगों से संवाद कर सुनने को मिला। यात्रा को हरियाणा में बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यह प्रतिक्रिया ऊर्जा और उत्साह से भरी है।

यात्रा के आलोचकों को निशाना बनाते हुए राहुल गांधी ने कहा- जब इसकी शुरुआत हुई थी तब लोगों ने कहा था कि जो प्रतिक्रिया केरल में मिली, वैसी प्रतिक्रिया कर्नाटक में नहीं मिलेगी, जहां पर भारतीय जनता पार्टी का शासन है, लेकिन हमें उससे भी अच्छी प्रतिक्रिया वहां मिली। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत जैसी या उससे बेहतर प्रतिक्रिया पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र में मिली। राहुल ने कहा कि लोग कह रहे थे कि उत्तर भारत में अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिलेगी, लेकिन मध्य प्रदेश और हरियाणा में भी बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा- भारत की आवाज को दबाया जा रहा है और नफरत व भय फैलाया जा रहा है। एक जाति को दूसरी जाति के खिलाफ, एक धर्म को दूसरे धर्म के खिलाफ किया जा रहा है और यह यात्रा इसके खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के अन्य उद्देश्यों को जो हम देख रहे हैं, वह तपस्या की तरह है। राहुल ने कहा- हम अपने देश से, लोगों से, किसानों से और गरीबों से प्यार करते हैं और हम उनके साथ चलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक असमानता है और धन, मीडिया व अन्य संस्थानों को कुछ लोगों द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × 1 =