नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने बिहार में सांप्रदायिक हिंसा (Communal Violence) की घटनाओं पर रविवार को चिंता व्यक्त की और स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर (Rajendra Vishwanath Arlekar) से बात की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय (Home Ministry) ने हिंसा से पैदा हुई स्थिति से निपटने में राज्य प्रशासन की मदद करने के लिए बिहार में अतिरिक्त अर्द्धसैन्य बलों को भेजने का फैसला किया है। बिहार सरकार के अनुरोध के बाद अतिरिक्त बलों को भेजा जाएगा।
सूत्रों ने कहा, ‘‘गृह मंत्री ने बिहार के राज्यपाल से बात की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राज्य में हिंसा पर चिंता भी व्यक्त की।’’ ऐसी जानकारी है कि राज्यपाल ने शाह को राज्य में मौजूदा हालात की जानकारी दी।
गौरतलब है कि रामनवमी (Ram Navami) पर निकाली गई शोभा यात्रा के दौरान बिहार के सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। पुलिस ने सासाराम और बिहार शरीफ में सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में शनिवार तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया था। दोनों शहरों में सांप्रदायिक हिंसा में कई वाहनों, मकानों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया था। हिंसा में कई लोग घायल हुए थे।
सासाराम में जिला प्रशासन ने फिर से झड़प होने के बाद शुक्रवार दोपहर को निषेधाज्ञा आदेश लागू कर दिया था। यही नहीं, गृह मंत्री ने रविवार को सासाराम का अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रमुख सम्राट चौधरी ने मौर्य राजवंश के सम्राट अशोक की जयंती का जश्न मनाने के लिए सासाराम में प्रस्तावित कार्यक्रम के रद्द होने के लिए बिहार की नीतीश कुमार सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। शाह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को नवादा में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


