Clean Yamuna :- यमुना को निर्मल व अविरल बनाने के लिए रविवार की सुबह हजारों लोग यमुना के किनारे एकत्रित हुए। लोगों ने नदी के विभिन्न घाटों पर मानव ऋंखला बनाकर इसे प्रदूषणमुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसमें विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक व व्यापारिक संगठनों ने सहयोग किया। इस जन अभियान में शामिल लोगों ने सरकार से मांग की कि दिल्ली की जीवनदायिनी को फिर से उसके मूलस्वरूप में लाया जाए और इसमें गिरने वाली गंदगी को रोका जाए। लोगों ने मांग किया कि नालों के पानी को शोधित करने के बाद ही नदी में गिरना सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा आम लोगों से भी आग्रह किया गया कि वे कोई भी कूड़ा-करकट इसमें न डालने का संकल्प लें।
आईटीओ, वजीराबाद, कालिंदीकुंज, गीता कॉलोनी, शस्त्री ब्रिज, लोहे का पुल आदि स्थानों पर एकत्रित होकर लोगों ने मानव ऋं खला बनाई। इसमें भाजपा के पूर्व संगठन सचिव व चिंतक के.एन. गोविंदाचार्य, दिल्ली में केजरीवाल सरकार में मंत्री गोपाल राय, मंत्री सौरभ भारद्वाज, दिल्ली जलबोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामबीर सिंह बिधूड़ी, दिल्ली भाजपा के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा, जैन धर्मगुरु लोकेश मुनि समेत कई अन्य राजनेताओं ने भाग लिया। यमुना संसद की पहल पर आयोजित इस जन अभियान के संबंध में इसके संयोजक रविशंकर तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में हर वर्ग व संप्रदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और यमुना को प्रदूषणमुक्त करने का संकल्प लिया। तिवारी ने भविष्य में भी नदी की सफाई के लिए जन जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। (आईएएनएस)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



