राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

आप ने जारी की दूसरी सूची, दो सांसदों के भी नाम

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। दूसरी सूची में 31 नाम हैं। पहली सूची में 40 विधायकों के नाम की घोषणा की गई थी। 31 नामों की दूसरी सूची में 21 उन सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा की गई है, जिन पर पार्टी पिछली बार नहीं जीत पाई थी। गौरतलब है कि पंजाब के 117 में से 92 सीटों पर आप जीती थी और 25 सीटों पर हारी थी। उनमें से 21 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं।

आम आदमी पार्टी ने अपने तीन लोकसभा सांसदों में से दो को विधानसभा चुनाव में उतारने का फैसला किया है। संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से और होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से उम्मीदवार बनाया गया है। चब्बेवाल के विधायक बेटे इशांक चब्बेवाल को आम आदमी पार्टी पहले ही टिकट दे चुकी है। पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित 40 विधायकों को टिकट दी गई थी। पार्टी कुल 71 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में एक मंत्री और सात विधायकों की टिकट काट दी गई है। दूसरी सूची में कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां की लांबी विधानसभा सीट से टिकट काट दी है। 2022 के चुनाव में उन्होंने पांच बार के मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को हराया था। उनकी सीट से अब उनके भतीजे रणधीर सिंह धीरा को टिकट दी गई है। आप ने खरड़ से विधायक व पंजाबी अभिनेत्री अनमोल गगन मान समेत सात विधायकों को टिकट नहीं दी।

जिनकी टिकट कटी है उनमें बठिंडा देहात से अमित रतन कोटफत्ता, पट्‌टी से जेल में बंद विधायक लालजीत भुल्लर, जालंधर सेंट्रल से रमन अरोड़ा, शुतराणा से कुलवंत बाजीगर, चमकौर साहिब में तत्कालीन सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को हराने वाले डॉ. चरणजीत सिंह और अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप को टिकट नहीं दी गई। कुंवर पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पिछली बार चुनाव लड़े छह उम्मीदवारों को फिर टिकट दी गई है। दो विधायकों सर्वजीत कौर माणूके और अमनदीप गोल्डी मुसाफिर को फिर से टिकट मिली है। वहीं अमृतसर के राजासांसी से अभिनेत्री सोनिया मान को टिकट दी गई है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment