नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दुनिया के तमाम नेताओं की अपील के बावजूद होर्मुज की खाड़ी में हमला जारी है। ओमान के तट के पास होर्मुज की खाड़ी से गुजर रहे एक कॉमर्शियल जहाज पर हमला हुआ है। पनामा के झंडे वाले जहाज एमटी ऑन पीस पर हमला हुआ, जिसमें चालक दल के 11 भारतीय सदस्य घायल हुए हैं।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को घटना की जानकारी देते हुए हमले की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब एमटी ऑन पीस होर्मुज की खाड़ी से गुजर रहा था। गौरतलब है कि ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले के बाद से यह समुद्री रास्ता असुरक्षित हो गया है और ईरान ने इस रास्ते से जहाजों के गुजरने पर रोक लगा दी है। युद्ध छिड़ने के बाद कई बार जहाजों पर हमले हुए हैं।
बहरहाल, विदेश मंत्रालय की ओर से बताया गया है, जहाज पर मौजूद चालक दल में 17 भारतीय नागरिक शामिल हैं। हमले में चालक दल के 12 सदस्य घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय नागरिक हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘हम आज ओमान के तट के पास पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज एमटी ऑन पीस पर हुए हमले की निंदा करते हैं। होर्मुज की खाड़ी से गुजरते समय इस जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया था’।
विदेश मंत्रालय ने आगे कहा, ‘ओमान के अधिकारियों की मदद से चालक दल के घायल सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और ओमान के खसाब में उनका इलाज चल रहा है। हम ओमान के अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं’। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए गहरी चिंता का विषय हैं और क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की मांग दोहराई।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



