कोलकाता। चुनाव की घोषणा के बाद आचार संहिता लगते ही चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में अधिकारियों को बदलना शुरू कर दिया है। चुनाव घोषणा के अगले दिन आयोग ने मुख्य सचिव सहित छह अधिकारियों का तबादला कर दिया। चुनाव आयोग ने राज्य की पहली महिला मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पद से हटा दिया है। उनकी जगह 1993 बैच के आईएएस दुष्मंत नारियाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। ममता बनर्जी ने इस फैसले की आलोचना की है और भाजपा को महिला विरोधी बताया है।
इसी तरह चुनाव आयोग ने पीयूष पांडे की जगह सिद्धनाथ गुप्ता को प्रदेश का पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी बनाया है। सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद कोलकाता पुलिस कमिश्नर नियुक्त हुए हैं। राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा की जगह 1997 बैच की आईएएस अधिकारी संघमित्रा घोष को गृह सचिव बनाया गया है।
इसी तरह चुनाव आयोग ने नटराजन रमेश बाबू को सुधार सेवा महानिदेशक बनाया है। अजय मुकुंद रानाडे को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और कानून व्यवस्था का पुलिस महानिरीक्षक यानी आईजी बनाया गया है। आदेश में कहा गया है कि जिन अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव से जुड़े पद पर तैनात नहीं किया जाएगा। चुनाव आयोग ने रविवार को बंगाल के अलावा तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। बंगाल की 294 सीटों पर दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। चार मई को नतीजा आएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


