राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

बिहार चुनाव चुराने की कोशिश: राहुल

Rahul Gandhi

पटना। कांग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पटना की सड़कों पर प्रदर्शन में हिस्सा लिया। बिहार में अचानक शुरू हुए मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की ओर से बुधवार, नौ जुलाई को चक्का जाम किया गया था। इसमें हिस्सा लेने राहुल गांधी दिल्ली से पहुंचे थे। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला किया। राहुल गांधी ने कहा है कि महाराष्ट्र की तरह बिहार का चुनाव भी चुराने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 25 जून को गहन पुनरीक्षण का अभियान शुरू किया, जिसे 25 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। विपक्ष का आरोप है कि आयोग ने आननफानन में आठ करोड़ लोगों को फिर से वोटर बनाने का अभियान चलाया है, जिसमें आधार, मनरेगा कार्ड और राशन कार्ड को नहीं माना जा रहा है। इस आधार पर विपक्ष का कहना है कि गरीबों, दलितों, वंचितों, अल्पसंख्यकों का वोट काटने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके विरोध में महागठबंधन ने बिहार बंद किया। इस दौरान कई शहरों में ट्रेनें रोकीं गईं और कई नेशनल हाईवे जाम किए गए।

राजधानी पटना में राहुल गांधी ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उनके साथ बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सीपीआई माले के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी भी शामिल हुए। इनकम टैक्स चौराहे से ये सभी नेता एक गाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन करते चुनाव आयोग के ऑफिस के लिए निकले। पुलिस ने सभी नेताओं को सचिवालय थाने के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। उन्हें वहां से आगे जाने की इजाजत नहीं दी गई। वहीं से कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद सभी नेता लौट गए।

अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा, ‘चुनाव आयोग मैं आपको साफ बोल रहा हूं। मैं बिहार और हिंदुस्तान की जनता को स्पष्ट कह रहा हूं कि महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था और वैसे ही बिहार को चुनाव चोरी करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें पता है कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया इसलिए वे बिहार मॉडल लाए हैं। ये गरीबों के वोट छीनने का तरीका है’। राहुल ने आगे कहा, ‘ये बिहार है और बिहार की जनता ये नहीं होने देगी। हमारे लोग चुनाव आयोग से जाकर मिले। मैं नहीं जा पाया था’।

चुनाव आयोग पर बेहद तीखा हमला करते हुए राहुल गांधी ने उसे आरएसएस और भाजपा की तरह बताया। राहुल ने कहा, ‘इलेक्शन कमीशन बीजेपी और RSS नेताओं की तरह बात कर रहे हैं। वो भूल गए कि वो बीजेपी नेता नहीं हैं। मैं कहता हूं आपको जो करना है करिए, लेकिन बाद में कानून अपनी कार्रवाई करेगी’। राहुल ने चुनाव आयोग के अधिकारियों से कहा कि वे कितने भी बड़े हों और कहीं भी हों हालात बदले तो कानून के हाथ उन तक पहुंचेंगे। बिहार बंद में राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वाम दल, वीआईपी और जन अधिकार पार्टी सहित महागठबंधन के सभी पार्टियां शामिल हुईं। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे थे। हालांकि उनको राहुल गांधी के साथ गाड़ी पर या मंच पर जगह नहीं मिली।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 − 2 =