चंडीगढ़। अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन के बाद एक और विपक्षी मुख्यमंत्री केंद्रीय एजेंसी सीबीआई के निशाने पर आए हैं। सीबीआई ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस में मंगलवार शाम छापा मारा। इसके अलावा सीबीआई की अलग अलग टीमों ने मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में आठ जगहों पर छापेमारी की। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मुख्यमंत्री कार्यालय के ऊपर ट्रांसफर और पोस्टिंग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। ईडी ने मुख्यमंत्री मान के ओएसडी राजबीर सिंह घुम्मन को मुख्य आरोपी बनाया था पर पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर नहीं दर्ज की। मामला हाई कोर्ट पहुंचा और पांच अक्टूबर को हाईकोर्ट ने ओएसडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सीबीआई जांच का आदेश दिया। इसके बाद सीबीआई ने राजबीर घुम्मन सहित छह नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पंजाब सरकार इस मामले की तत्काल सुनवाई के लिए मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी, लेकिन यह मांग खारिज कर दी गई।
इससे पहले जुलाई और अगस्त में ईडी ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी गौरव यादव को तीन चिटि्ठयां भेजकर मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार पर एफआईआर की मांग की थी। इसमें ट्रांसफर, पोस्टिंग, नीतिगत फैसलों, टेंडर, सीएलयू और अन्य सरकारी मंजूरियों में कथित दखल के आरोप लगे। ईडी का कहना है कि नितिन गोहल, राजबीर सिंह घुम्मन और अन्य लोगों की इस मामले में भूमिका सामने आई है। एजेंसी ने गोहल को सरकारी काम कराने के इच्छुक लोगों और मुख्यमंत्री के ओएसडी घुम्मन के बीच कथित बिचौलिया बताया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



