राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 218 रुपए तक बढ़े

नई दिल्ली। पेट्रोलियम मार्केटिंग कंपनियों ने एक महीने में दूसरी बार कॉमर्शियल गैस की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की है। एक अप्रैल से कॉमर्शियल गैस के सिलेंडर की कीमत 218 रुपए तक बढ़ गई है। एक महीना पहले एक मार्च को इसकी कीमत 115 रुपए बढ़ाई गई थी। इसके साथ साथ जेट फ्यूल यानी विमानों में भरे जाने वाले ईंधन की कीमत में भी इजाफा किया गया है। जेट फ्यूल की कीमत में 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। पहले इसमें सौ फीसदी बढ़ोतरी की बात कही जा रही थी।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जंग की वजह से तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है। तभी सरकार ने कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति को युद्ध से पहले के स्तर के 70 फीसदी तक ही रखा है। अब इसकी कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी का मतलब है कि कई सेक्टर इससे प्रभावित होंगे। बहरहारल, तेल कंपनियों द्वारा की गई बढ़ोतरी के बाद सिलेंडर की कीमत चेन्नई में सबसे ज्यादा होगी। वहां इसकी कीमत 2,246.50 रुपए होगी। राजधानी दिल्ली में 19 किलो का कॉमर्शियल सिलेंडर 2,078.50 रुपए में मिलेगा।

कॉमर्शियल सिलेंडर के साथ साथ जेट फ्यूल के दाम भी बढ़े हैं। दिल्ली में अब एयर टर्बाइन फ्यूल यानी एटीफी की कीमत 1,04,927 रुपए प्रति किलोलीटर हो गई है, जो मार्च में 96,638 रुपए थी। पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि होरमुज की खाड़ी बंद होने से ऊर्जा बाजार में महंगाई बहुत बढ़ गई है। यह भी कहा गया है कि अगर सरकार दखल नहीं देती, तो ईंधन के दाम दोगुने से ज्यादा हो जाते। यह भी साफ किया गया है कि जेट फ्यूल की कीमत में कम बढ़ोतरी सिर्फ घरेलू उड़ानों के लिए है। जो उड़ानें विदेश जा रही हैं, उन्हें बढ़ी हुई कीमत ही चुकानी होगी।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment