नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पांच दिन के बाद कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पर लगी रोक हटा दी है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से शनिवार को बताया कि देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कॉमर्शियल सिलेंडर का वितरण शुरू कर दिया गया है। गौरतलब है कि सरकार ने नौ मार्च को कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति पर रोक लगाई थी।
इसके साथ ही एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए देश भर में छापेमारी तेज कर दी गई है। सरकार ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि सरकार की ओर से भरोसा दिलाने के बावजूद गैस एजेंसियों के सामने भीड़ कम नहीं हो रही है। शुक्रवार को पंजाब में गैस की कतार में एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी तो शनिवार को उत्तर प्रदेश में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। राजस्थान, मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार हर जगह गैस सिलेंडर की आपूर्ति की शिकायतें हैं। लोग बुकिंग के लिए परेशान हैं और कई जगह बुकिंग के बावजूद सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है।


