नई दिल्ली। राष्ट्रपति का चुनाव जीतने के साथ ही डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में भी बहुमत हासिल कर लिया है। राष्ट्रपति चुनाव के साथ ही अमेरिका के निचल सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव और उच्च सदन सीनेट के लिए मतदान हुआ था। सीनेट अमेरिकी कांग्रेस का ऊपरी सदन है लेकिन वह दुनिया के दूसरे देशों के ऊपरी संसद से उलट सबसे शक्तिशाली सदन है। अमेरिका के 50 राज्यों में हर राज्य से दो दो प्रतिनिधि सीनेट के लिए चुने जाते हैं।
सीनेट की एक तिहाई सीटों के लिए हर दो साल पर चुनाव होते हैं। इस बार राष्ट्रपति चुनाव के साथ इसकी 34 सीटों पर चुनाव हुए। ताजा नतीजों के साथ रिपब्लिकन पार्टी ने सीनेट में 52 सीटें हासिल कर ली हैं, जो बहुमत से एक सीट ज्यादा है। इससे पहले उसके पास 49 सीटें थीं। सीनेट में बहुमत से ट्रंप को अपनी नीतियां लागू कराना आसान होगा। सीनेट को महाभियोग और विदेशी समझौतों जैसे अहम मसलों को मंजूर या नामंजूर करने का अधिकार होता है।
इसी तरह ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी निचले सदन यानी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव में भी बहुमत के करीब है। 435 सीटों वाले सदन में बहुमत के लिए 218 सीटें जरूरी होती हैं। देर शाम तक आए नतीजों के मुताबिक रिपब्लिकन पार्टी को 197 सीटें मिली हैं और डेमोक्रेटिक पार्टी 177 सीटें हासिल कर चुकी है। माना जा रहा है कि रिपब्लिकन पार्टी को इस सदन में भी बहुमत मिल जाएगा।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

