राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

राम मंदिर चढ़ावे मामले से जुड़ी प्राथमिकी ‘धोखा’, बड़े लोगों को बचाया जा रहा : अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और आभूषणों की चोरी के मामले में दर्ज प्राथमिकी को ‘धोखा’ करार देते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि इस मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

केजरीवाल ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर में ‘महाडकैती’ हुई है और कथित गबन में शामिल बड़े लोगों को बचाया जा रहा है।

इससे पहले, हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद आप के राज्यसभा सदस्य एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के साथ मौजूद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने सभी की भलाई और खुशहाली के लिए प्रार्थना की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में केवल छोटे कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि ‘बड़े लोगों’ को बचाया जा रहा है।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘आज मैंने सभी की खुशी और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मैंने राम मंदिर में दान के कथित गबन, बड़े घोटाले और भगवान को चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी के संबंध में प्रार्थना की कि जो भी इस महापाप का दोषी है, उसे भगवान कड़ी से कड़ी सजा दें।’’

अयोध्या की पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार शाम दर्ज की गई प्राथमिकी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल दिखावा है।

Also Read : पासपोर्ट, आधार को नागरिकता का प्रमाण बनाने के लिए कानूनी ढांचे में संशोधन हो: थरूर

आप संयोजक ने कहा कि मामले में आठ छोटे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इतने लंबे समय तक ऐसा काम अकेले छोटे कर्मचारी नहीं कर सकते।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि कथित घोटाले के तार ‘‘बहुत ऊपर तक जुड़े हैं’’ और बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सारा दोष छोटे कर्मचारियों पर डाला जा रहा है।

अयोध्या में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल ने कहा, ‘‘भगवान राम के घर में बड़ी डकैती हुई है। उनके गहने, मालाएं, खड़ाऊं, सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात, करोड़ों-अरबों रुपये नकद और भक्तों द्वारा चढ़ाई गई अन्य वस्तुएं चोरी की गई हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि इस कथित चोरी में ‘बहुत शक्तिशाली लोग’ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों की भगवान राम में आस्था है और इस घटना से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि मामले में जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वही जांच को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) और दर्ज प्राथमिकी में केवल आठ छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है, जबकि किसी बड़े नाम को शामिल नहीं किया गया है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

two × two =