मुंबई। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में भगदड़ में कुचल कर 11 लोगों के मरने की घटना के बाद अब मुंबई में भीड़ भरी एक ट्रेन के दरवाजे पर लटके लोगों के ट्रैक पर गिर जाने से चार लोगों को मौत हो गई है। घटना मुंबई के मुंब्रा रेलवे स्टेशन के नजदीक सोमवार सुबह हुई। एक चलती लोकल ट्रेनों से कई यात्री नीचे गिर गए, जिनमें से चार की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हो गए। मरने वालों में एक जीआरपी कॉन्स्टेबल भी शामिल है। ये सभी ट्रेन के गेट पर खड़े थे।
यह हादसा सुबह साढ़े नौ बजे मुंब्रा के आगे दिवा और कोपर रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ। ऑफिस टाइम होने के कारण ट्रेन में भीड़ ज्यादा थी, जिससे यह हादसा हुआ। रेलवे की ओर से कहा गया है कि संभवतः ये यात्री ट्रेनों के फुटबोर्ड से लटके हुए थे और विपरीत दिशा में ट्रेनों के नजदीक से गुजरने के समय उनके बैग एक दूसरे से टकरा गए। पहले खबर आई थी कि हादसा लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस के यात्रियों के साथ हुआ है।
बहरहाल, इस हादसे में मरने वालों की पहचान केतन सरोज, राहुल गुप्ता, मयूर शाह और ठाणे के जीआरपी कॉन्स्टेबल विक्की मुखियाद के रूप में हुई है। कसारा की ओर जा रही ट्रेन के गार्ड ने रेलवे अधिकारियों को इस हादसे की जानकारी दी थी। रेलवे बोर्ड के सूचना व प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि महाराष्ट्र में हुई त्रासदी के बाद मंत्रालय ने मुंबई सबअर्बन एरिया के लिए बनाई जा रही सभी लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजा बंद करने की सुविधा देने का फैसला किया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


