Thursday

31-07-2025 Vol 19

मोदी का कांग्रेस पर हमले से प्रचार शुरू

547 Views

कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हरियाणा में भाजपा के चुनाव प्रचार का आगाज किया। उन्होंने अपनी पहली चुनावी रैली में कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला और उसके ऊपर हर किस्म के आरोप लगाए। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को अर्बन नक्सल वाली पार्टी कहा तो यह दावा भी किया कि कांग्रेस दलितों, पिछड़ों का आरक्षण खत्म करने जा रही है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को हिंदू विरोधी भी बताया और कहा कि कांग्रेस के राज में कर्नाटक में गणपति को भी सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। मोदी ने कांग्रेस को दलित विरोधी बताया और दलितों के खिलाफ हुई हिंसा की कई पुरानी घटनाओं का जिक्र किया।

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर पांच अक्टूबर को होने वाले चुनाव के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने कुरुक्षेत्र में पहली रैली की। इसमें उन्होंने सोनिया व राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए कहा- कांग्रेस का शाही परिवार आरक्षण को खत्म करने वाला है। मगर, जब तक मोदी है, आरक्षण की रत्ती भर भी लूट नहीं होने दूंगा। उन्होंने हाल में अमेरिका में राहुल गांधी के दिए एक बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि देश में जब समानता आ जाएगी तभी आरक्षण खत्म होगा। उन्होंने हरियाणा को लोगों को कांग्रेस से सावधान रहने को कहा।

नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा- आप मुझे बताएं क्या कांग्रेस को आर्टिकल 370 वापस लाने देंगे क्या। साथियों कांग्रेस के लिए तुष्टीकरण ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। आज तो हालात यह हो गए हैं कि कांग्रेस के राज में कर्नाटक में गणपति को भी सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। पूरा देश आज गणेश उत्सव मना रहा है, और कांग्रेस विघ्नहर्ता की पूजा में भी विघ्न डाल रही है। तुष्टीकरण के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है।

कांग्रेस को निशाना बनाते हुए प्रधानमंत्री पीएम ने हरियाणा के लोगों को चेताया और कहा- अगर यहां कांग्रेस की सरकार आई तो इसकी हालत भी हिमाचल जैसी हो जाएगी, जहां सरकार के पास कर्मचारियों को सैलरी देने के पैसे नहीं हैं। यहां तक कि सीएम और मंत्रियों को अपनी सैलरी छोड़नी पड़ रही है। उन्होंने हरियाणा के लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा के लोग वादे के पक्के होते हैं। उन्होंने लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी तो इसका मतलब होगा सबका साथ, सबका विकास।

किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। मोदी ने कहा- तेलंगाना में कुछ ही महीनों में 12 सौ किसान खुदकुशी कर चुके हैं। कांग्रेस के लोगों को डूब मरना चाहिए। उनके मुंह में किसानों की मौत का पाप है। मोदी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी दे रही है। उन्होंने कहा- जब यहां कांग्रेस की सरकार थी, तब खर्ची और पर्ची के बिना नौकरी नहीं मिलती थी। भाजपा ने इस खेल को खत्म कर दिया है।कांग्रेस को दलित विरोधी बताते हुए मोदी ने कहा- कांग्रेस का दलित विरोधी चेहरा हरियाणा से बेहतर कौन जानता है। हरियाणा में जब जब कांग्रेस की सरकार आती है तो दलितों का जीना मुश्किल हो जाता है।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *